25 सितंबर को जिला प्रशासन की ओर से आयोजित किया जाएगा कार्यक्रम, सराहनीय कार्य करने वाले अधिकारी व कर्मचारी होंगे सम्मानित
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। उपायुक्त मुनीश शर्मा ने कहा है कि चरखी दादरी में 25 दिसंबर को आयोजित होने वाले सुशासन दिवस कार्यक्रम के लिए जिला प्रशासन की ओर से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इस संदर्भ में अधिकारियों की एक बैठक आयोजित की जाएगी।
उपायुक्त वीरवार को लघु सचिवालय सभागार में सुशासन दिवस कार्यक्रम को लेकर आयोजित हुई वीडियो कांफ्रेंस में हरियाणा सरकार के मुख्य सचिव विवेक जोशी के साथ बात कर रहे थे।
उपायुक्त ने उन्हें बताया कि 25 दिसंबर को चरखी दादरी में सुशासन दिवस का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जिला प्रशासन की ओर से कार्यक्रम की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। मुख्य सचिव विवेक जोशी ने कहा कि इस अवसर पर जिलास्तर और प्रदेशस्तर पर सुशासन पुरस्कार भी दिए जाएंगे। इसलिए इन पुरस्कारों के योग्य कर्मचारियों, अधिकारियों या उनकी टीम का चयन शीघ्र कर लिया जाए।
मुख्य सचिव ने बताया कि प्रदेश स्तर पर दिए जाने वाले पुरस्कारों के लिए चंडीगढ़ में कमेटी गठित की गई है। उन्होंने बताया कि सुशासन दिवस कार्यक्रम पूरी गरिमा के साथ आयोजित किया जाए। वीडियो कांफ्रेंस में उपायुक्त के साथ एसडीएम नवीन कुमार, नगराधीश आशिष सांगवान भी मौजूद रहे।
फोटो 22
प्रदेश सरकार के मुख्य सचिव की वीडियो कांफ्रेंस में मौजूद उपायुक्त मुनीश शर्मा, एसडीएम नवीन कुमार और नगराधीश आशिष सांगवान। स्रोत : जनसंपर्क विभाग