- जिले में 79 हजार आवेदकों ने हैप्पी कार्ड सुविधा का लाभ उठाने के लिए किए हैं आवेदन, 65,445 के कार्ड अब तक दादरी डिपो अधिकारियों के पास पहुंचे
- विभागीय कर्मचारी पात्र लोगों को फोन कर हैप्पी कार्ड बनवाने के लिए कर रहे सूचित
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। परिवहन विभाग ने जिले में 59 हजार आवेदनकर्ताओं को हैप्पी कार्ड वितरित कर निशुल्क सफर करने का मौका प्रदान किया है। वीरवार दोपहर तक विभागीय कार्यालय में करीब साढ़े पांच हजार कार्डाें का वितरण बाकी था। वहीं, जिले से अब तक करीब 79 हजार लोग हैप्पी कार्ड बनवाने के लिए विभागीय बेवसाइट पर आवेदन कर चुके हैं।
विभाग की ओर से नियुक्त कर्मचारी प्रतिदिन आवेदकों के पास फोन कर उन्हें कार्ड लेने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। परिवहन विभाग बीपीएल परिवार के सदस्यों को एक साल में एक हजार किलोमीटर निशुल्क सफर करवाने के लिए हैप्पी कार्ड बना रहा है।
दरअसल, परिवहन विभाग के पास पहुंचे 79 हजार आवेदनों में से अब तक 65,445 कार्ड दादरी डिपो अधिकारियों के पास पहुंचे हैं। इनका वितरण करने के लिए बस स्टैंड परिसर में विशेष काउंटर बनाया गया है। उस पर कर्मचारी नियुक्त कर कार्ड वितरण कराया जा रहा है।
विभाग के आंकड़ों के अनुसार अब तक 59 हजार लोग अपना हैप्पी कार्ड प्राप्त कर चुके हैं। डिपो में फिलहाल साढ़े पांच हजार कार्ड ऐसे हैं, जिनका वितरण अभी बाकी है।
अभी और आएगें हैप्पी कार्ड
विभागीय अधिकारियों की मानें तो अभी करीब साढ़े 13 हजार आवेदनकर्ताओं के हैप्पी कार्ड आने बाकी हैं। जल्द ही ये कार्ड तैयार होकर डिपो में पहुंच जाएंगे। इसके तुरंत बाद वितरण शुरू कर दिया जाएगा। कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं कि प्रतिदिन आवेदकों को फोन कर बस स्टैंड परिसर आकर कार्ड लेने के लिए प्रेरित करें।
- प्रतिकार्ड 50 रुपये जमा कराना पड़ता है शुल्क
हैप्पी कार्ड का लाभ लेने वाले पात्र आवेदक को 50 रुपये शुल्क के तौर पर जमा करवाने होते है। ऐसे में परिवहन विभाग के पास 59,000 कार्ड धारकों ने 29,50,000 रुपये की राशि जमा करवाई है।
वर्सन:
हमने पात्र व्यक्ति को हैप्पी कार्ड योजना का लाभ देने के लिए विशेष काउंटर लगाया हुआ है, जहां कर्मचारी लाभार्थियों को कार्ड वितरित किए जा रहे हैं। कार्य में तेजी लाने के लिए आवेदकों को फोन कर बुलाया जा रहा है। फिलहाल, करीब साढ़े 5 हजार तैयार कार्ड का वितरण बाकी है।
-नवीन शर्मा, महाप्रबंधक, दादरी रोडवेज डिपो
फोटो: 04
दादरी बस स्टैंड परिसर में स्थापित काउंटर पर अपने हैप्पी कार्ड लेने पहुंचे आवेदक। संवाद