पुलिस थाना का निरीक्षण करते एसपी अर्ष वर्मा
चरखी दादरी। पुलिस अधीक्षक अर्ष वर्मा ने सदर दादरी व महिला थाने का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। पुलिस अधीक्षक ने थाने का रिकॉर्ड, मालखाना, आपराधिक रिकॉर्ड का निरीक्षण करने के साथ महिला डेस्क की जांच की।
उन्होंने थाने के मुंशी कक्ष और शस्त्रागार में रखे असलहे की जांच की और कंप्यूटर रूम के साथ वायरलेस कक्ष की भी व्यवस्था देखी। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रबंधकों को दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि थाने में आने वाली शिकायतों का इंद्राज कर उन पर कार्रवाई सुनिश्चित करें। सभी अपनी ड्यूटी जिम्मेदारी से निभाएं। पुलिस थाने में आने वाले शिकायतकर्ता से सहयोग और सम्मान पूर्वक व्यवहार कर उनकी बातों को ध्यान से सुनें। पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रबंधकों को थाने का रिकॉर्ड सुरक्षित रखने, थाना परिसर में सफाई रखने के निर्देश दिए। एसपी ने कहा कि थाना में कोई भी कार्य लंबित नहीं रहना चाहिए। सभी कार्य समय अवधि में पूरे किए जाए।
पुलिस अधीक्षक वर्मा ने थाने में पुलिस जवानों के रहन-सहन व मैस आदि की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए जरूरी दिशा-निर्देश दिए। एसपी ने कहा कि मैस में सफाई का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने पुलिस कर्मचारियों को अपनी ड्यूटी निष्ठापूर्वक करने के निर्देश दिए। एसपी ने अभियोग में अनुसंधान की प्रगति रिपोर्ट पर समीक्षा की गई और अभियोग में समय के अंदर प्रभावी पुलिस कार्रवाई अमल में लाए जाने के निर्देश दिए।