चरखी दादरी। शहर को सुपर शकर मशीन मिलने का इंतजार तो लंबा खींचता जा ही रहा है, ऊपर से अब जेटिंग मशीन भी खराब हो गई है। इसके चलते पिछले दस दिनों से शहर में सीवर ब्लॉकेज खोलने का कार्य बाधित है और मैनहोल उफान पर हैं। शहर में विभन्न जगहों पर दूषित जलभराव की समस्या बनी है, जिससे लोगों को परेशानियों से दो-चार होना पड़ रहा है।
शहर की सीवर लाइन सफाई करने वाली जेटिंग मशीन की पाइप में पिछले 10 दिन से खराबी आई है। जनस्वास्थ्य विभाग इस संबंध में कागज प्रक्रिया तक सिमटा है। शहर में 21 वार्ड हैं, जिनमें करीब 70 से ज्यादा कॉलोनियां हैं। इन कालोनियों की सीवर लाइन मुख्य लाइन से कनेक्ट हैं, लेकिन मुख्य लाइन ही ब्लॉकेज है। इसकी वजह से कालोनियों के दूषित पानी की निकासी नहीं हो पाती। सीवर बैक मार रहे हैं। हालात यह है कि सीवर का दूषित पानी उपायुक्त आवास के साथ-साथ अन्य अधिकारियों के घरों के सामने भी भरा है, लेकिन समाधान सिर्फ कागज प्रक्रिया तक ही सीमित है।
दूसरे जिलों से उधार मांगकर लानी पड़ती है सुपर शकर
शहर की सीवर ब्लॉकेज खोलने के लिए विभाग को नई सुपर शकर मशीन भी मिलनी थी, जो अब तक नहीं पहुंची है। शहर में कई जगह ऐसी ब्लॉकेज हैं, जिन्हें केवल इसी मशीन से ही खोला जा सकता है। ऐसी स्थिति में विभाग को समय-समय पर दूसरे जिलों से सुपर शकर मशीन उधार मांगकर काम चलाना पड़ रहा है। कृषिमंत्री जेपी दलाल ने करीब दो माह पहले दादरी को सुपर शकर मशीन दिलाने का वादा भी किया था।
दूसरा को विकल्प नहीं
शहर में 35 किलोमीटर लंबी सीवर लाइन है इसे ठीक करने के लिए जेटिंग मशीन के सिवाय दूसरा विकल्प भी नहीं है। शहर की सीवर व्यवस्था वैसे ही लंबे समय से लचर चली आ रही है। सीवर की मेन लाइनों में ज्यादा दिक्कत बनी हुई है। ये लाइन समय- समय पर रुक जाती हैं। दूषित पानी की निकासी के लिए मशीन ही एकमात्र विकल्प है।
- पाइप से ही खुलती है ब्लॉकेज
भाजपा सरकार के पिछले कार्यकाल में शहर को जेटिंग मशीन उपलब्ध हुई थी। शहर के लोगों ने उस समय तत्कालीन कृषि मंत्री के समक्ष सीवर ठप होने की शिकायत की थी। विभागीय सूत्रों के अनुसार मशीन के मेन पाइप में खराबी बनी हुई है। पाइप के जरिये ही मशीन लाइन से पानी को खींचती है, जिससे लाइन खुल जाती है।
शहरवासी सीवर लाइन में पशुओं का गोबर आदि न डालें। इस वजह से सीवर लाइन जल्दी ब्लॉकेज हो जाती हैं। गोबर से रुकी लाइन को खोलने में भी ज्यादा परेशानी होती है। मशीन के पाइप में आई खराबी को जल्द ठीक करवा दिया जाएगा। - एसके त्यागी, जेई, जनस्वास्थ्य विभाग
दादरी के लिए सुपर शकर मशीन खरीदने के वर्क ऑर्डर हो चुके हैं। मशीन की अलॉट पहुंचते ही सबसे पहले सुपर शकर मशीन दिलवाई जाएगी। - जेपी दलाल, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री