संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। एशियन गेम्स में भारतीय कबड्डी टीम को स्वर्ण पदक दिलाने वाले स्टार खिलाड़ी सुमित सांगवान के गृह जिले दादरी पहुंचने पर ग्रामीणों और खेल प्रेमियों ने उनका स्वागत किया। ग्रामीणों ने सुमित सांगवान को खुली जीप में बैठाकर विजय जुलूस निकाला। इस दौरान ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के साथ खेल प्रेमियों ने जश्न मनाया और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी मनाई।
आयोजित सम्मान समारोह में बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने सुमित सांगवान को फूल-मालाओं और नोटों की माला पहनाकर नागरिक अभिनंदन किया। इस दौरान सुमित सांगवान ने कहा कि घर से निकलते समय ही उनके मन में देश के लिए स्वर्ण पदक जीतकर लौटने का संकल्प था। उन्होंने अपनी ऐतिहासिक सफलता का पूरा श्रेय बचपन से प्रशिक्षण देने वाले कोच और गांव की मिट्टी को दिया। सुमित ने बताया कि फाइनल मुकाबले में ईरान के खिलाफ कड़ा मुकाबला था लेकिन पूरी टीम को अपनी जीत पर विश्वास था। उन्होंने कहा कि अब उनका अगला लक्ष्य आगामी मार्च में होने वाले वर्ल्ड कप में देश को चैंपियन बनाना है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर खेल और पढ़ाई पर ध्यान देने का आह्वान किया।
भारतीय कबड्डी टीम के पूर्व कोच और द्रोणाचार्य अवॉर्डी असन सांगवान ने सुमित के खेल की जमकर प्रशंसा करते हुए उन्हें देश का गौरव बताया। उन्होंने कहा कि फाइनल मुकाबले में सुमित द्वारा पकड़े गए दो निर्णायक कैच की बदौलत भारत को स्वर्ण पदक हासिल करने में महत्वपूर्ण सफलता मिली। उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक गांव है, जहां से हर एशियाई खेलों में खिलाड़ी देश का प्रतिनिधित्व करते हैं।