चरखी दादरी। एनएचएम कर्मचारियों ने सोमवार को काली पट्टी बांधकर मांगों के लिए विरोध प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने उप सिविल सर्जन डाॅ. नरेंद्र व उपायुक्त मनदीप कौर को 11 सूत्री मांगों का ज्ञापन सौंपा। विरोध प्रदर्शन में 200 कर्मचारी शामिल रहे।
कर्मचारी नेता शीला देवी ने कहा कि 25 से 27 जून तक प्रतिदिन एक घंटे का कार्य बहिष्कार करने का निर्णय लिया है। 28 को जिला उपायुक्त के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन दिया जाएगा। एक से छह जुलाई तक कर्मचारी गेट मीटिंग के माध्यम से विरोध जताएंगे। सात जुलाई को मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया जाएगा। यदि फिर भी मांगों पर अमल नहीं होता है तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
उन्होंने मांग की कि कर्मचारियों को नियमित किया जाए। सातवें वेतन आयोग का लाभ दिया जाए। कैशलेस मेडिकल सुविधा व अर्जित अवकाश मिले। ज्ञापन सौंपने में शीला देवी एएनएम, कृष्णा देवी, भारत भूषण, महेंद्र श्योराण, कृष्ण सांगवान, सुमन, आशा, देविका, युद्धवीर आदि उपस्थित रहे।
ओबीसी को नौकरियों में 27 प्रतिशत कोटा करना सराहनीय कदम : सैनी
चरखी दादरी। प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सैनी हरियाणा के प्रत्येक वर्ग के हित में राजकीय योजनाओं पर काम कर रहे हैं। सीएम ने ओबीसी के कल्याण के लिए सरकारी नौकरियों में कोटा 15 से बढ़ाकर 27 प्रतिशत करने की घोषणा की है, जो सराहनीय है। यह बात नगर परिषद चेयरमैन बक्शीराम सैनी ने परिषद कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में कही। चेयरमैन ने इस निर्णय पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए लड्डू बांटे। इस दौरान पार्षद वीरेंद्र, विनोद वाल्मीकि, कुलदीप सैनी, पवन सैनी, महेश सुरलिया, पूर्व पार्षद प्रवीन, दयालु, नरेंद्र कुमार, दीपक कुमार, शीला देवी व मोनी देवी आदि उपस्थित रहे।