राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन के पोर्टल पर उपलब्ध है पुरस्कार की जानकारी, 31 अगस्त तक कर सकते हैं आवेदन
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। गृह मंत्रालय के अधीन राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से सुभाषचंद्र बोस आपदा प्रबंधन पुरस्कार-2025 के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। केवल भारतीय नागरिक और भारतीय संस्थान ही पुरस्कार के लिए आवेदन करने के पात्र हैं। आवेदन करने की अंतिम तिथि 31 अगस्त है।
उपायुक्त मनदीप कौर ने बताया कि व्यक्तियों और संगठनों के अमूल्य योगदान और निस्वार्थ सेवा भाव को पहचानने और सम्मानित करने के लिए सुभाषचंद्र बोस आपदा प्रबंधन पुरस्कार के नाम से वार्षिक पुरस्कार दिया जाता है। इस पुरस्कार की घोषणा हर साल 23 जनवरी को नेताजी सुभाषचंद्र बोस की जयंती पर की जाती है।
उन्होंने बताया कि संस्थानों, स्वैच्छिक संगठनों, कॉरपोरेट संस्थाओं, शैक्षणिक एवं अनुसंधान संस्थान, प्रतिक्रिया/वर्दीधारी बलों या किसी अन्य संस्थान पुरस्कार के लिए एक संस्था के रूप में आवेदन कर सकते हैं। पुरस्कार के लिए उम्मीदवार ने भारत में आपदा प्रबंधन जैसे रोकथाम, शमन, तैयारी, बचाव, प्रतिक्रिया, राहत, पुनर्वास, अनुसंधान/नवाचार कार्य के क्षेत्र में काम किया हो।
उन्होंने बताया कि आवेदन के साथ आपदा प्रबंधन में किए गए कार्यों का विवरण होना चाहिए। संस्था के मामले में 51 लाख रुपये नकद और एक प्रमाणपत्र जबकि व्यक्तिगत मामले में पांच लाख रुपये नकद और एक प्रमाणपत्र पुरस्कार के रूप में दिया जाता है। पुरस्कार के संबंध में अधिक जानकारी राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन के पोर्टल पर उपलब्ध है।