जिला उपायुक्त ने वंचित लाभार्थियों से की जल्द अपना हैप्पी कार्ड बनवाने की अपील, 1000 किलोमीटर निशुल्क बस यात्रा का मिलेगा लाभ
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। लाभार्थियों को एक हजार किलोमीटर तक निशुल्क रोडवेज बस सेवा का लाभ देने के लिए प्रदेश सरकार ने हैप्पी कार्ड योजना शुरू की है। जिन लाभार्थियों ने अब तक अपना हैप्पी कार्ड नहीं बनवाया है, वे दादरी बस स्टैंड पहुंचकर जल्द ये प्रक्रिया पूरी कर सेवा का लाभ उठा सकते हैं। ये बातें उपायुक्त मनदीप कौर ने कहीं।
उन्होंने बताया कि बताया कि जिन व्यक्तियों के परिवार की सालाना आय परिवार पहचान पत्र में एक लाख रुपये से कम है, वे अपने नजदीकी सीएससी से हैप्पी कार्ड के लिए आवेदन कर सकते हैं। जिन व्यक्तियों ने पहले ही हैप्पी कार्ड बनवाने के लिए आवेदन किया हैं, उनके कार्ड बस स्टैंड पर उपलब्ध हैं। हैप्पी योजना के आवेदक अपना आवेदन करते समय जो मोबाइल नंबर आवेदन में दिया था, उसी मोबाइल पर ओटीपी आने के उपरांत उसे दिखाकर हैप्पी कार्ड प्राप्त कर सकते हैं।
उपायुक्त ने बताया कि हैप्पी कार्ड प्राप्त करते समय प्रति व्यक्ति को 50 रुपये शुल्क देना होगा। यदि किसी भी आवेदक का हैप्पी कार्ड के लिए आया हुआ संदेश उसके मोबाइल से डिलीट हो गया है तो वह व्यक्ति भी बस स्टैंड पर अपने आवेदन की पंजीकरण संख्या दिखाकर हैप्पी कार्ड प्राप्त कर सकता है। आवेदन करते समय आवेदक ने जिस भी बस स्टैंड का नाम आवेदन में दर्ज कराया है। वे वहां पहुंचकर अपना हैप्पी कार्ड प्राप्त कर सकते हैं।
फोटो 12
चरखी दादरी बस स्टैंड परिसर में बने काउंटर से हैप्पी कार्ड प्राप्त करते लाभार्थी। संवाद