-विद्यार्थियों को नशे से दूर रखने की कवायद, निकाल रहे जागरूकता रैली
- नशे का आदी मिला विद्यार्थी तो दिलवाया जाएगा परामर्श
- शिक्षक विद्यार्थियों के बैगों की रैंडमली करेंगे जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। स्कूलों को तंबाकू मुक्त बनाने के लिए शिक्षा विभाग की ओर से विद्यार्थियों के बैगों की भी चेकिंग की जाएगी। अगर कोई विद्यार्थी तंबाकू का आदी पाया जाता है तो उसका गुप्त रूप से चिकित्सक से परामर्श कराया जाएगा।
शिक्षा विभाग जल्द ही पुलिस, स्वास्थ्य व रेडक्राॅस सोसायटी के सहयोग से जिलेभर में ब्लॉक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित करेगा। इसके लिए मंथन किया जा रहा है।
नशा मुक्ति अभियान के तहत वैसे तो जिलेभर में सभी सरकारी कार्यालयों में कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। स्कूलों व कॉलेजों में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। जागरूकता रैली निकाली जाती हैं। अब शिक्षा विभाग विशेष कार्ययोजना पर काम करने जा रहा है। इस नए चरण में तंबाकू मुक्त पर बल दिया जाएगा।
इसके तहत स्कूल के गेट पर संकेतक बोर्ड लगाया जाएगा। 100 मीटर की परिधि में तंबाकू बिक्री व सेवन पर प्रतिबंध रहेगा। कक्षाओं में शिक्षक छात्राें के बैग की रैंडमली जांच करेंगे। बैग में बीड़ी, सिगरेट या अन्य किसी प्रकार का तंबाकू मिलने पर विद्यार्थी को विशेष परामर्श दिया जाएगा।
तंबाकू का आदी मिलने पर चिकित्सक की सलाह दिलाई जाएगी। विभाग इस माह से ये गतिविधियां शुरू करेगा। इसके लिए सामाजिक संगठन, आर्य समाज व अन्य संगठनों का भी सहयोग लिया जाएगा। इसमें छात्रों, शिक्षकों की विशेष भूमिका रहेगी। विभाग की ओर से नुक्कड़ नाटक व ड्रामा आदि भी आयोजित करवाए जाएंगे। ताकि, समाज में जागरूकता बढ़ सके।
वर्जन
विभाग इसी माह से तंबाकूरोधी गतिविधियां आयोजित करेगा। स्कूलों में गेट पर संकेतक बोर्ड लगाए जाएंगे। छात्रों के बैग की जांच की जाएगी। जरूरत के अनुसार विद्यार्थियों को परामर्श दिया जाएगा।
-रमेश कुमार, नोडल अधिकारी, नशामुक्ति अभियान।