चरखी दादरी। जिले के 2 परीक्षा केंद्रों पर सोमवार को हरियाणा बोर्ड उड़नदस्ता टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए समूह में बैठकर नकल करने के मामले पकड़े हैं। दोनों केंद्रों पर सामूहिक रूप से नकल कर रहे 27 विद्यार्थियों के यूएमसी बनाए गए जबकि दोनों केंद्रों पर तैनात दो ड्यूटी सुपरवाइजर को रिलीव किया गया। दादरी जिले में अब तक आयोजित किसी परीक्षा में ऐसी अनियमितताएं नहीं पाई गई थीं।
सोमवार को कक्षा 12वीं का इतिहास व जीव विज्ञान की परीक्षा आयोजित हुई। परीक्षा 37 केंद्रों पर संपन्न कराई गई। नकल रोकने के लिए जिले में तीन टीमें बनाई गई हैं। सोमवार को बोर्ड प्रश्नपत्र, डीईओ, एसडीएम के अलावा जिला नोडल अधिकारी की विशेष टीम भी गठित की गई। सभी केंद्रों पर पुलिस सुरक्षा रही। इससे बाहरी हस्तक्षेप नहीं हो पाया। वहीं, सांवड़ और अचीना परीक्षा केंद्र पर ड्यूटी सुपरवाइजर विद्यार्थियों को नकल कराकर उनकी नींव कमजोर करते मिले।
दरअसल, दोपहर को बौंद खंड में नकल रोकने के लिए बोर्ड उड़नदस्ता टीम पहुंची। इसी दौरान टीम गांव सांवड़ के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय परीक्षा केंद्र में पहुंची। यहां एक कक्ष में बोर्ड उड़नदस्ता टीम पहुंची तो ड्यूटी सुपरवाइजर रितू शांत बैठी मिलीं। परीक्षार्थी समूह बनाकर परीक्षा करते मिले। टीम के पहुंचने पर सुपरवाइजर ने उन्हें लाइन में बैठाया, लेकिन, तब तक टीम के सामने नकल का भेद खुल चुका था। इसके बाद टीम ने सभी 24 परीक्षार्थियों की उत्तर पुस्तिकाएं ले लीं और यूएमसी बनाकर परीक्षा केंद्र से बाहर किया। इसके साथ ही सुपरवाइजर रितू को भी ड्यूटी से रिलीव कर दिया।
- अचीना केंद्र पर तीन नकलची पकड़े
सांवड़ परीक्षा केंद्र का दौरा करने के बाद उड़नदस्ता गांव अचीना परीक्षा केंद्र पर पहुंचा। यहां पर टीम को बाहरी हस्तक्षेप नहीं मिला, लेकिन, परीक्षा कक्ष में 3 विद्यार्थी आपस में नकल करते पाए गए। इसके बाद टीम ने तीनों विद्यार्थियों के यूएमसी बनाए और उत्तरपुस्तिकाएं ले लीं। इसके अलावा, रानीला राजकीय स्कूल के ड्यूटी सुपरवाइजर गोकलचंद को भी रिलीव किया गया। इसका कारण ड्यूटी में लापरवाही बरतना रहा।
- चार टीमों ने किया 27 केंद्रों का दौरा
सोमवार को चारों टीमों ने अपनी योजनानुसार जिले के 37 में से 27 केंद्रों का दौरा किया। इनमें गांव पैंतावास कलां, शहर के राजकीय कन्या स्कूल, वैश्य वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल, अचीना, सांवड़, आदर्श स्कूल बौंदकलां, रॉयल इंटरनेशनल स्कूल, झिंझर राजकीय स्कूल और रानीला राजकीय स्कूलों का दौरा किया। यहां पर दो ही स्कूलों में आंतरिक अनियमितता मिली।
- सांवड़ परीक्षा केंद्र अति संवेदनशील तो रानीला है संवेदनशील
बोर्ड की ओर से जारी परीक्षा केंद्र सूची में पांच स्कूलों को संवेदनशील और दो स्कूलों को अति संवेदनशील बनाया गया है। इसमें रानीला परीक्षा केंद्र संवेदनशील श्रेणी में आता है जबकि सांवड़ केंद्र अति संवेदनशील श्रेणी में आता है। विभाग की ओर से इन विशेष श्रेणी के केंद्रों पर सख्त नजर रखी जा रही है।
विभाग की ओर से नकल रोकने के लिए पूरे प्रयास किए जा रहे हैं। सोमवार को सांवड़ में 24 और अचीना में 3 यूएमसी बनाए गए हैं। वहीं, दो परीक्षा केंद्रों में तैनात दो सुपरवाइजर को भी रिलीव कर दिया गया। अब इनके स्थान पर नए सुपरवाइजर तैनात किए जाएंगे।
-ओमप्रकाश वर्मा, प्रभारी, बोर्ड प्रश्नपत्र उड़नदस्ता