चरखी दादरी। गांव मिसरी स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में मंगलवार को नेशनल स्कूल क्वालीफिकेशन फ्रेमवर्क के अंतर्गत कुशल बिजनेस चैलेंज की खंड स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें खंड बौंद कलां के 17 विद्यालयों की टीमों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य ओम सिंह ने किया। खंड के रिसोर्स पर्सन डॉ. महेंद्र सिंह ने बताया कि कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपने मौलिक बिजनेस आइडिया निर्णायक मंडल के समक्ष प्रस्तुत किए। इस दौरान पांच बेस्ट टीमों को जिलास्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए चयनित किया गया।
ये पांच टीमें राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मिसरी, पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बौंद कलां, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भागवी, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रानीला व राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय झिंझर विजेता रहीं। ये टीमें अब जिला स्तरीय बिजनेस आइडिया प्रस्तुतीकरण में भाग लेंगी।
खंड शिक्षा अधिकारी डॉ. सत्यपाल शास्त्री ने विजेता टीमों को बधाई दी। कार्यक्रम में आईटीआई रावलधी से विशेषज्ञ हरीश कुमार, बिजेंद्र, शिक्षक अमित ने निर्णायक मंडल के रूप में अपनी भूमिका निभाई। इस दौरान जिला तकनीकी को-ऑर्डिनेटर दीपक कुमार, बीआरपी पवन कुमार, एबीआरसी अनुराधा आदि का सहयोग रहा। संवाद