जनता कॉलेज फायरिंग रेंज न होने का खामियाजा इस सत्र में दाखिला लेने वाले छात्र-छात्राओं को भुगतना पड़ रहा है। मंगलवार को छात्रों ने फायरिंग रेंज की कमी को लेकर कॉलेज के मेन गेट के बाहर बैठकर नारेबाजी कर रोष जताया। छात्रों का कहना है कि कॉलेज में फायरिंग रेंज न होने से वो एनसीसी ज्वाइन नहीं कर पा रहे हैं और इसका असर उनके करिअर पर पड़ेगा।
सुबह करीब दस बजे जनता कॉलेज के छात्र-छात्राएं कक्षाएं छोड़कर बाहर आ गए। इसके बाद वो मेन गेट पर पहुंचे और वहां बैठकर नारेबाजी करने लगे। उन्होंने बताया कि पुराने एनसीसी कैडेट्स पिछले कई वर्षों से यहां फायरिंग रेंज बनवाने की मांग उठा चुके हैं लेकिन हर बार मांग नजरअंदाज की गई। आज तक कॉलेज में फायरिंग रेंज न बनने से अब सैन्य अधिकारियों ने एनसीसी ज्वाइन कराने से इंकार कर दिया है। इसके चलते ही मंगलवार को कॉलेज में प्रदर्शन किया।
एनसीसी एसयूओ गौतम ढिल्लो ने बताया कि पुराने कैडेट्स पहले भी मांग उठा चुके हैं कि पुरानी फायरिंग रेंज कंडम हो चुकी है। इस पर एनसीसी कैडेट्स निशानेबाजी नहीं कर सकते। पिछले कई सालों से यहां कैडेट्स अभ्यास नहीं कर रहे। इस मांग को लेकर कई बार तत्कालीन प्राचार्यों व जिला उपायुक्त तक मांग पत्र दिए जा चुके हैं लेकिन आज तक नई फायरिंग रेंज नहीं बनी है। इसके साथ ही इस वर्ष एनसीसी कैडेट्स के लिए नव प्रवेशित विद्यार्थियों को भी नहीं लिया जा रहा है। इस दौरान एसडीएम संदीप अग्रवाल ने मौके पर पहुंचकर सभी विद्यार्थियों को उनकी मांगों को जल्द पूरा करवाने का आश्वासन देते हुए उनकी प्रदर्शन को समाप्त करवाया। इस अवसर पर सीनियर जितेंद्र, धर्मेंद्र, विकास, रिंकू, प्रियंका, पूजा, कंचन, रविना, रेखा व प्रिया आदि उपस्थित थे।
प्राचार्य के समझाने पर नहीं माने छात्र
छात्रों के मेन गेट पर बैठने के करीब 45 मिनट बाद प्राचार्य यशवीर सिंह छात्रों के बीच पहुंचे। उन्होंने छात्रों को आश्वासन देते हुए प्रदर्शन खत्म करने के लिए मनाने का प्रयास किया। प्राचार्य के आश्वासन पर छात्र संतुष्ट नहीं हुए और प्रदर्शन जारी रखा।
इस संबंध में हम एनसीसी अधिकारियों को पत्राचार करेंगे। जल्द से जल्द समस्या का समाधान करवा दिया जाएगा। मैंने छात्रों को भी ये ही आश्वासन दिया था।
यशवीर सिंह, प्राचार्य, जनता कॉलेज