रोडवेज बस की पिछली खिड़की के पायदान पर यात्रा कर रहा रामबास निवासी एक आईटीआई का छात्र गोकल गांव के पास सड़क किनारे खड़े पेड़ से टकरा गया। चलती बस से गिरने पर उसे कंधे में चोटें लगीं और उपचार के लिए उसे सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही रोडवेज अधिकारी भी सिविल अस्पताल पहुंचे और दुर्घटना का जायजा लिया। घायल छात्र के पिता ने बस चालक पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। वहीं, सिविल अस्पताल में मौजूद रोडवेज कर्मचारियों ने इन आरोपों को नकारा है।
घायल संदीप के पिता रामकुमार ने बताया कि उसका बेटा आईटीआई का छात्र है। बुधवार सुबह वह गांव रामबास से रावलधी आईटीआई आने के लिए दादरी जा रही बस में सवार हुआ था। बस में भीड़ होने के कारण वह पिछले खिड़की के पायदान पर सफर कर रहा था। रामकुमार ने बताया कि बस जब गोकल गांव के समीप पहुंची तो चालक के अचानक कट लगाने से उसका बेटा सड़क किनारे खड़े पेड़ के डाले से टकरा गया और उसके हाथ की पकड़ छुट गई। पेड़ से टकराने के बाद संदीप सड़क पर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल के पिता ने आरोप लगाए कि इसके बावजूद बस चालक ने काफी दूर जाकर बस रोकी। उसके साथ पढ़ने वाले आईटीआई के छात्रों ने संदीप को संभाला और उपचार के लिए दादरी सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे। वहीं, रोडवेज अधिकारियों ने भी सिविल अस्पताल पहुंचकर घटनाक्रम का जायजा लिया। रामकुमार ने बताया कि उसके बेटे के कंधे में गंभीर चोट है और वह आईटीआई प्रथम वर्ष का छात्र है।