गांव कलियाणा स्थित घर के आंगन में पड़े ओले।
चरखी दादरी। क्षेत्र में शाम साढ़े छह बजे शहर व आसपास के कई गांवों में हल्की ओलावृष्टि हुई। कुछ भागों में बूंदाबांदी भी हुई जिससे मौसम में बदलाव आया। मौसम विभाग ने 27 अप्रैल तक बूंदाबांदी व बारिश का अनुमान जताया है। शुक्रवार को कलियाणा गांव में ओलावृष्टि हुई।
क्षेत्र में शुक्रवार को मौसम में बदलाव आया। सुबह बादलवाही रही दोपहर को तेज धूप खिली और शाम को कुछ गांवों में हल्की ओलावृष्टि हुई । दिन का अधिकतम तापमान 39 व न्यूनतम 25 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान कुछ स्थानों पर हवाओं के साथ बूंदाबांदी होने का अनुमान है।
वीरवार के मुकाबले शुक्रवार को जिले का अधिकतम तापमान तो स्थित रहा जबकि न्यूनतम तापमान में दो डिग्री की बढ़ोतरी हुई। शुक्रवार को 11 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा भी चली। वहीं प्रदूषण की बात करें तो अधिकतम स्तर 155 एक्यूआई और न्यूनतम स्तर 56 एक्यूआई दर्ज किया गया। वीरवार के मुकाबले प्रदूषण का अधिकतम स्तर 29 एक्यूआई बढ़ा है।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि मई महीने की शुरुआत से ही गर्मी तीखे तेवर दिखाएगी। तापमान सामान्य से अधिक होने लगेगा व लू का प्रकोप बना रहेगा। उन्होंने बताया कि 27 अप्रैल से दादरी जिले के मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। इस दौरान बादलवाही और तेज गति से हवा चलने पर 25-30 प्रतिशत हिस्सों में बूंदाबांदी होने की संभावना है।
स्वास्थ्य के प्रति रहे सचेत
तापमान 40 डिग्री के करीब पहुंचने से जिले में गर्मी का प्रकोप बनने लगा है। इसके मद्देनजर स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। कार्यवाहक सीएमओ डॉ. गौरव भारद्वाज ने बताया कि शरीर में पानी की कमी न होने दें। हो सके तो दिन में 4 से 5 लीटर पानी और अन्य पेय पदार्थ लें। वहीं फलों का सेवन भी करें।