चरखी दादरी। पिछले 25 दिनों के अंदर जिले में आग लगने की 47 घटनाएं हुई हैं। सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की टीमों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। आग की घटनाओं से न केवल आर्थिक नुकसान हुआ बल्कि जनहानि तक हुई। वहीं, आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग की गाड़ियां करीब तीन हजार किलोमीटर दौड़ी।
एक से 25 अप्रैल तक के दमकल विभाग के आंकड़ें देखें तो आग लगने की 47 सूचनाएं कार्यालय में प्राप्त हुईं। इन पर तत्काल संज्ञान लेकर टीम मौके पर पहुंची और आग की लपटों पर काबू पाया। कुछ जगहों पर तो दमकल विभाग टीम के तत्परता से काबू पाने से बड़ा नुकसान होने से बच गया जबकि कुछ जगहों पर टीम का प्रयास भी मालिक को नुकसान से नहीं बचा सका।
अप्रैल माह में हुईं आग की घटनाओं के आंकड़ें देखें तो प्रतिदिन करीब दो जगहों पर आग लगने की सूचना दमकल विभाग को मिली। ज्यादातर आग के मामले खेत व खलिहान में सामने आए। इसके अलावा गत माह चिड़िया रोड स्थित एक कपास मिल में भी आग लगी थी जिसमें काफी नुकसान हुआ था। उस दौरान दमकल विभाग की टीमों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई थी।
: संसाधनों का अभाव, उधार के पानी से बुझा रहे आग
दादरी जिला दमकल विभाग के पास संसाधनों की कमी बनी हुई है और अब तक स्टाफ व वाहनों की कमी दूर नहीं हुई है। इतना ही नहीं 3.16 करोड़ से बने दमकल विभाग कार्यालय में बिजली कनेक्शन का लोड कम है जबकि अब तक पानी का कनेक्शन किया ही नहीं गया है। मजबूरीवश दमकल विभाग के कर्मचारी उधारी के पानी से गाड़ियों को भरवाकर आग बुझा रहे हैं।
- पिछले कुछ समय में आग लगने की ये हुईं घटनाएं
घटना:1- फसल के साथ खेत में जल गया किसान
23 अप्रैल को गांव सांतौर के एक खेत में संदिग्ध परिस्थिति में आग लग गई थी। किसान जयप्रकाश आग को बुझाने के प्रयास में खेत के अंदर ही फंस गया और उसकी आग की लपटों से मौत हो गई। इतना ही नहीं आग फैलकर पास के खेतों में भी पहुंच गई और इससे करीब 10 किसानों की फसल भी जलकर स्वाह हो गई।
घटना:2- मैहड़ा में चार किसानों की फसल हुई थी राख
गांव मैहड़ा में 21 अप्रैल को चार किसानों की करीब 15 एकड़ जमीन पर खड़ी गेहूं की फसल में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई थी। इससे किसानों को काफी नुकसान हुआ। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया था। हालांकि इसके बावजूद किसानों को नुकसान हुआ था।
घटना:3- काकड़ौली हुक्मी में लगी आग पर पाया काबू
गांव काकड़ौली हुक्मी में भी 16 अप्रैल आग लगने से दो एकड़ से अधिक की गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। दमकल विभाग की टीम व ग्रामीणों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। किसानों के अनुसार बिजली के तार में स्पार्किंग के कारण आग लगी और इसके बाद दमकल टीम ने पानी का छिड़काव कर आग बुझाई।
घटना:4- जीनिंग मिल में लगी आग पर काबू पाने में लगे चार घंटे
दादरी-चिड़िया रोड पर कपूरी के पास स्थित एक जीनिंग मिल में 16 मार्च को संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल विभाग की टीम ने आग पर काबू पाया। हालांकि जब तक आग बुझी तब तक मिल में रखी मशीनें, कपास और अन्य सामान चपेट में आ चुका था।
आग की सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंचती है। अप्रैल में आग लगने की 47 सूचनाएं आई हैं और सभी जगहों पर विभागीय टीम आग बुझाने पहुंची है।
सचिन कुमार, फायर ऑफिसर, दादरी दमकल विभाग