चरखी दादरी। जिले में यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों पर पुलिस ने सख्ती की है। चार से 10 अक्तूबर तक चले विशेष चेकिंग अभियान में यातायात पुलिस ने 728 चालान काटे। इन चालानों से 7,69,300 रुपये का जुर्माना लगाया गया।
पुलिस अधीक्षक लोगेश कुमार के निर्देश पर यह अभियान चलाया गया। इसमें बिना नंबर प्लेट, अवैध नंबर प्लेट और गलत दिशा में वाहन चलाने जैसे उल्लंघनों पर कार्रवाई हुई। तेज रफ्तार वाहन चलाने वालों पर भी सख्ती बरती गई। जांच में बिना नंबर प्लेट के 270 वाहन मिले।
हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (एचएसआरपी) नहीं होने पर 248 वाहनों के चालान किए गए। वाहन के मूल ढांचे में अनधिकृत बदलाव करने पर 41 चालकों पर कार्रवाई हुई। गलत दिशा में वाहन चलाने पर 34, अवैध पार्किंग पर 35 और तेज रफ्तार पर 34 चालान हुए।
अन्य उल्लंघनों पर भी कार्रवाई
प्रदूषण प्रमाणपत्र संबंधी नियमों के उल्लंघन पर 22 चालान किए गए। थर्ड पार्टी बीमा नहीं होने पर 19 और आरसी के बिना वाहन चलाने पर 16 चालान काटे गए। ड्राइविंग लाइसेंस नहीं होने पर 15 और सीट बेल्ट नहीं लगाने पर 13 चालान किए गए। पुलिस अधीक्षक लोगेश कुमार ने सड़क हादसों और जाम पर अंकुश लगाने को अभियान का मुख्य उद्देश्य बताया। उन्होंने वाहन चालकों से वैध एचएसआरपी लगवाने और सभी जरूरी दस्तावेज पूरे रखने की अपील की।