रोडवेज डिपो की बसों में टिकट की जांच करती टीम।
- फोटो : 1
चरखी दादरी। रोडवेज बसों में बगैर टिकट यात्रा करने वाले लोगों पर अंकुश लगाने के लिए दादरी रोडवेज डिपो की ओर से तीन उड़नदस्ता टीमों का गठन किया गया है। टीमों ने पिछले 18 दिन की अवधि में 805 बसों की जांच की, इस दौरान टीमों ने बिना टिकट यात्रा कर रहे 95 यात्रियों को पकड़ा। टीमाें ने बगैर टिकट यात्रा करने वाले लोगों से 26,500 रुपये की जुर्माना राशि वसूल की। रोडवेज बसों में बिना टिकट सफर कर परिवहन विभाग को चूना लगा रहे यात्रियों पर लगाम कसने के लिए विभाग की ओर से नियुक्त तीन उड़नदस्ता टीमें लगातार बसों की जांच कर रही हैं। बुधवार को जीएम, टीएम और बस उड़नदस्ता ने 40 बसों की जांच की। इस दौरान टीमों ने 20 यात्रियों को बगैर टिकट के यात्रा करते हुए पकड़ा। टीम ने पकड़े गए लोगों से 6,400 रुपये की राशि जुर्माने के तौर पर वसूल की।
महाप्रबंधक उड़नदस्ता टीम के निरीक्षक नवरत्न शर्मा ने बताया कि विभिन्न रूटों के लिए चलने वाली रोडवेज विभाग की बसों की जांच कर रही है। उड़नदस्ता टीमें प्रतिदिन लगभग 45 बसों की जांच कर रहा हैं। ताकि रोडवेज विभाग को प्रति वर्ष होने वाले नुकसान की भरपाई की जा सके।
18 दिन में ये की है कार्रवाई :
उड़नदस्ता टीम कुल बसों की जांच वसूली गई जुर्माना राशि
महाप्रबंधक 270 9,000
टीएम 267 9,500
बस टीम 268 10,000
वर्सन :
हमारी टीमें रोडवेज विभाग की बसों में बिना टिकट सफर करने पर लोगों पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। विभाग की ओर से बनाई तीन टीमों ने 18 दिनों के दौरान 95 लोगों को बिना टिकट के सफर करते हुए पकड़ा है। टीम ने पकड़े गए यात्रियों पर नियमानुसार जुर्माना लगाया है, ताकि भविष्य में ऐसे लोग बिना टिकट के यात्रा नहीं करे।
नवीन शर्मा, महाप्रबंधक, दादरी रोडवेज डिपो।