रोहतक रोड पर बस रोक कर सवारियां उतारने से लगे जाम में फंसे वाहन।
चरखी दादरी। शहर की व्यस्त सड़कों पर बसों के ब्रेक लगा सवारियां चढ़ाने और उतारने से जाम की समस्या बढ़ रही है। शहर के रोहतक रोड और परशुराम चौक समेत बस स्टैंड के पास यह समस्या ज्यादा रहती है। अहम बात यह है कि तीनों जगहों पर पुलिसकर्मी तैनात हैं, लेकिन वह रोडवेज और निजी बस चालकों को रोकने की जहमत नहीं उठा रहे, जिसका भरपूर फायदा चालक उठा रहे हैं।
रोहतक और दिल्ली मार्ग की बसों का आवागमन वाया भगवान परशुराम चौक होता है। आते-जाते समय बस चालक रोहतक फाटक से निकलते ही रेलवे मोड़ के पास बस रोक कर सवारियां उतारते और चढ़ा रहे हैं। इसमें दो से तीन मिनट का समय लगता है और तब तक बस के पीछे वाहनों की कतार लग जाती है। यहां लंबे समय से चालकों की मनमानी जारी है। इसी प्रकार परशुराम चौक से ठीक पहले भी चालक बसों के ब्रेक लगा देते हैं। कई बार तो वह आधी सड़क पर बस खड़ी रखते हैं जिससे पीछे से आ रहे वाहनों को जगह नहीं मिल पाती और मजबूरीवश उन्हें जाम में फंसना पड़ता है। कमोबेश यही स्थिति बस स्टैंड के पास रहती है। यहां भी बस रोक कर सवारियां उतारने और बैठाने के कारण जाम लगा रहता है। इन तीनों जगहों के पास ही पुलिसकर्मी तैनात हैं, लेकिन वह चालकों को मनमानी करने से नहीं रोक पाते। दूसरी ओर दुकानदारों और वाहन चालकों ने अधिकारियों से बस चालकों की इस मनमानी पर रोक लगाने की मांग की है।