चरखी दादरी। नायब सिंह सैनी ने दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेते ही प्रदेश के 25,000 युवाओं को नौकरी की सौगात दी है। इसके तहत जिले के रानीला गांव के सर्वाधिक 28 और मिसरी गांव के 25 युवाओं का चयन विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए हुआ है। इन गांवों के सरपंचों का कहना है कि बिना पर्ची-खर्ची के काबिल युवाओं को रोजगार मिला है। इससे कई परिवार गरीबी के दुष्चक्र से उबर जाएंगे।
हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग ने वीरवार को जेई, क्लर्क, पटवारी, ग्राम सचिव, जेल वार्डन, पुलिस विभाग, सफाई निरीक्षक, आयकर निरीक्षक सहित समूह ग और घ के करीब 25,000 पदों पर भर्ती के लिए अंतिम चयन सूची जारी की है। इसमें 15,000 की आबादी वाले रानीला गांव में 28 और 7,500 की आबादी वाले मिसरी गांव में 25 युवाओं का चयन हुआ है।
इसी प्रकार 8,000 की आबादी वाले सांजरवास गांव में 13 युवा, 8,000 की आबादी वाले इमलोटा गांव के 12 युवाओं और ढाई हजार की आबादी वाले नौसवा गांव में पांच युवाओं का चयन ग्राम सचिव, पटवारी, पुलिस और क्लर्क आदि पदों पर चयन हुआ है। कई युवाओं को सरकारी नौकरी मिलने से उनके परिजनों समेत परिचित लोगों में भी खुशी है। कई जगह कुछ माह पहले समूह घ में चयनित युवाओं का चयन इस बार समूह के लिए भी होने की सूचना है।