बधवाना अड्डे पर स्थित दो दुकानों के ताले चटकाकर चोरों ने नकदी समेत हजारों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर लिया। दुकान मालिक की शिकायत पर झोझूकलां थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में बधवाना निवासी सुमित ने बताया कि गांव के अड्डे के समीप उसका फोटो स्टूडियो है। गत 14 जनवरी को वह स्टूडियो बंद करके घर गया था। 15 जनवरी की सुबह जब वह स्टूडियो पर पहुंचा तो ताले टूटे मिले। जब उसने अंदर जाकर जांच की तो गल्ले का भी ताला टूटा मिला और वहां से तीन हजार रुपये समेत एक कैमरा चोरी मिला। शिकायतकर्ता ने बताया कि चोर उसके साथ लगते शू पैलेस के ताले तोड़कर भी सामान ले गए। शू पैलेस चांगरोड निवासी राकेश का है। जांच अधिकारी एएसआई अजीत सिंह ने बताया कि इस संबंध में अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।