राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बौंदकलां में एंटी रेबीज वैक्सीन का स्टॉक पहुंच गया है। पिछले एक माह से यह वैक्सीन सीएचसी के स्टॉक में नहीं थी। इसके चलते मरीजों को प्राइवेट अस्पतालों मेें जाकर एंटी रेबीज वैक्सीन की डोज लेनी पड़ती थी। गत बुधवार को सीएचसी में एंटी रेबीज वैक्सीन का स्टॉक पहुंच गया है। अब मरीजों को केंद्र से बाहर उपचार नहीं करवाना पड़ेगा। अमर उजाला ने इस समस्या को 25 सितंबर के अंक में प्रमुखता से प्रकाशित किया था।
बता दें कि बौंदकलां राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में 26 अगस्त को एंटी रेबीज वैक्सीन की डोज का स्टॉक खत्म हो गया था। इस सीएचसी को भिवानी वेयर हाउस से दवाइयों का स्टॉक जारी किया जाता है। एंटी रेबीज वैक्सीन नहीं होने से सीएचसी के अधीन आने वाले दर्जनों गांवों के मरीजों को केंद्र से बैरंग लौटना पड़ रहा था। किसी भी व्यक्ति को बंदर, कुत्ते और बिल्ली के काटने पर 24 घंटे के अंतराल में एंटी रेबीज वैक्सीन का इंजेक्शन लगवाना जरूरी होता है। राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक डोज की कीमत 100 रुपये ही अदा करनी पड़ती है। जबकि प्राइवेट मेडिकल स्टोर पर यह डोज 350 रुपये से लेकर 400 रुपये में पड़ती है। वहीं पर बीपीएल धारक को नि:शुल्क उपचार दिया जाता है। इस बारे में राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बौंदकलां के इंचार्ज डॉ. संदीप सिंह ने बताया कि विभाग ने एंटी रेबीज वैक्सीन का स्टॉक भेज दिया है। अब केंद्र में आने वाले मरीजों को कोई परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी। यह वैक्सीन अब सीएचसी में ही उपलब्ध है।