गॉज कटिंग मशीन की भी खरीद करेगा स्वास्थ्य विभाग, 60 लाख से लगाया जाएगा सोलर सिस्टम
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। जिला स्वास्थ्य विभाग सिविल अस्पताल में संसाधनों का जल्द ही इजाफा करने जा रहा है। इसके तहत दो आधुनिक मशीनें खरीदी जाएंगी, जबकि परिसर के लिए सोलर सिस्टम भी लगवाया जाएगा। इन योजनाओं को प्रशासनिक स्वीकृति मिल चुकी है। सोलर सिस्टम पर 60 लाख की लागत आएगी, जबकि मशीनों की कीमत की स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है।
जिला स्वास्थ्य विभाग ने स्पाइरो मीटर और गॉज कटिंग खरीदने के लिए डीसी मनदीप कौर की सहमति भी ली है। स्पाइरोमीटर एक ऐसी मशीन है जिसका उपयोग लंग्स की क्षमता बेहतर करने के लिए किया जाता है। आमतौर पर इसका उपयोग वे लोग करते हैं जिन्हें किसी तरह का लंग्स इंफेक्शन हुआ हो या कोविड वायरस से संक्रमित होकर ठीक हुए हो। अब तक जिला स्वास्थ्य विभाग के पास ये मशीन नहीं थी।
गॉज कटिंग मशीन भी जल्द ही सिविल अस्पताल के आपातकाल और ऑर्थो कक्ष के संसाधनों में शामिल होगी। इससे बैंडेज और प्लास्टर काटने के काम आएगी। इस मशीन की कमी भी लंबे समय से खल रही है। आपातकाल कक्ष और ऑर्थो कक्ष में ये मशीन होने से पट्टी और प्लास्टर काटने में कर्मचारियों का काफी समय बचेगा। विभागीय अधिकारियों का दावा है कि दोनों नई मशीन खरीदने की स्वीकृति प्रशासन से मिल चुकी है और जल्द ही ये प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।
बिजली निगम को दी जाएगी सरप्लस बिजली
हॉटलाइन होने के बावजूद अक्सर सिविल अस्पताल में बिजली किल्लत बनी रहती है। इसका असर स्वास्थ्य सेवाओं पर पड़ता है। अब स्वास्थ्य विभाग ने बिजली संबंधी समस्या के समाधान के लिए अस्पताल भवन की छत पर 150 किलोवाट क्षमता का सोलर सिस्टम लगाने की योजना तैयार की है। इसके लिए 60 लाख का बजट मिला है। सिविल अस्पताल की बिजली खपत 125 किलोवाट है और सोलर सिस्टम लगने के बाद सरप्लस बिजली निगम को दी जाएगी।
1200 पार है दैनिक ओपीडी
सिविल अस्पताल की बात करें तो दैनिक ओपीडी 1200 पार है। इसमें से ऑर्थो के पास 125-130 ओपीडी होती है। इसमें से 40-45 मरीजों को पट्टी का प्लास्टर करना पड़ता है। इसके अलावा इमरजेंसी में भी 10-15 केस आते हैं। अधिकारियों का दावा है कि ये मशीनें उपलब्ध होने से मरीजों को राहत मिलेगी और समय भी बचेगा। इसके साथ ही सोलर सिस्टम लगने के बाद मरीजों को गर्मी के सीजन में बिजली किल्लत का सामना नहीं करना पड़ेगा।
वर्जन:
सिविल अस्पताल के लिए स्पाइरो मीटर के अलावा गॉज कटिंग मशीन खरीदी जाएगी। इसके अलावा छत पर सोलर सिस्टम लगवाया जाएगा और इसके लिए 60 लाख का बजट मिल चुका है। सोलर सिस्टम लगने के बाद सरप्लस बिजली निगम को दी की जाएगी। जल्द ही इन योजनाओं को धरातल पर सिरे चढ़ा दिया जाएगा। -डॉ. गौरव भारद्वाज, कार्यवाहक सीएमओ, चरखी दादरी