संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। शहर को जलभराव से मुक्ति दिलाने के लिए कार्य जारी है। केवल एक लाइन को छोड़कर बाकी सभी स्थानों पर सीवर लाइन का कार्य मई में पूरा कर लिया जाएगा। शहर की पेयजल व्यवस्था को सुधारने के प्रोजेक्ट पर भी जल्द ही कार्य शुरू होगा। इसका टेंडर अंतिम चरण में है। तिकोना पार्क डिस्पोजल से लेकर समसपुर एसटीपी तक 2200 मीटर लाइन डालने का काम भी 31 मार्च तक पूरा हो जाएगा। यह जानकारी उपायुक्त मनदीप कौर ने बुधवार को अपने कार्यालय में आयोजित मासिक प्रेसवार्ता में दी।
उन्होंने शहर और जिले में चल रही विकास योजनाओं की मौजूदा स्थिति के बारे में बताया। उपायुक्त ने कहा कि जिले में बारिश के पानी की निकासी, पेयजल और सीवर समेत लघु सचिवालय भवन निर्माण की योजना पर काम जल्द पूरा हो जाएगा। इसके बाद बस स्टैंड को शहर से बाहर स्थानांतरित करवाना प्रशासन की प्राथमिकता रहेगी।
उपायुक्त ने बताया कि जिले में विकास कार्यों को गति देने के लिए विभिन्न विभागों के साथ मंथन किया जा रहा है और उसी का नतीजा है कि बरसाती पानी निकासी, पेयजल और सीवरेज जैसे कार्य धरातल पर नजर आने लगे हैं। उन्होंने बताया कि रेलवे लाइन के नीचे से पाइप डालने का काम हो गया है। अब डूंगरवाला जोहड़ से आई एसपी की मोटर से पानी निकासी का कार्य शुरू कर दिया गया है। 10 मार्च तक जोहड़ को खाली कर दिया जाएगा। इसके बाद यहां से गाद निकालकर इसकी क्षमता बढ़ाने की योजना है। कीकरवासनी तालाब और डूंगरवाला जोहड़ पर पंपिंग चेंबर बनाने का कार्य भी शुरू कर दिया गया है, जो 31 मार्च तक पूरा हो जाएगा। इससे दोनों स्थानों पर पानी निकासी के लिए स्थायी व्यवस्था हो जाएगी।
जुलाई में बनकर तैयार होगा लघु सचिवालय
उपायुक्त ने बताया कि जिलास्तरीय लघु सचिवालय का भवन जुलाई के अंत तक बनकर पूरा हो जाएगा। बाढड़ा का लघु सचिवालय भवन और बीडीपीओ खंड भवन भी मई में तैयार हो जाएगा।
मेडिकल और राजकीय कॉलेज के लिए जगह तय
मनदीप कौर ने बताया कि मेडिकल काॅलेज और राजकीय कॉलेज के लिए जमीन चिह्नित कर ली गई है। इसके अलावा जेल परिसर के लिए भूमि तय हो गई है। पुलिस लाइन के निर्माण और बस स्टैंड शिफ्ट करने के लिए भूमि निर्धारण का काम अंतिम चरण में है।