प्रेमनगर स्थित श्री राधे-राधे आश्रम में आयोजित भंडारे में प्रसाद ग्रहण करते बच्चे।
चरखी दादरी। प्रेमनगर स्थित श्री राधे-राधे आश्रम में रविवार को हवन, सत्संग व भंडारा आयोजित किया गया। धार्मिक अनुष्ठान में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर आध्यात्मिक लाभ प्राप्त किया। हवन का शुभारंभ राधे-राधे महाराज श्रीभगवान के सानिध्य में किया गया। हवन में मंत्रोच्चारण के साथ आहुतियां अर्पित की गईं। इससे वातावरण शुद्ध एवं सकारात्मक ऊर्जा से भर गया।
हवन के जरिये विश्व कल्याण व मानवता की सुख-समृद्धि की मंगल कामना की गई। श्रीभगवान ने हवन, सत्संग व भंडारे आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डाला। बताया कि ये धार्मिक अनुष्ठान आध्यात्मिक उन्नति के साथ समाज में समरसता व सेवा भावना को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने कहा कि हवन से न केवल पर्यावरण शुद्ध होता है, बल्कि, मानसिक शांति भी प्राप्त होती है। सत्संग से मन को सात्विक विचार मिलते हैं। भंडारे से सेवा व दान की भावना विकसित होती है। इस अवसर पर धर्मवीर, मनप्रीत, विशाल, रामनिवास, मायना, अक्षय, रूपेश, प्रियांशु, अमित, मुकेश, प्रदीप, राजपति, पूनम, महेंद्र व साहिल आदि मौजूद रहे।
बलकरा में दो दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम आज से
झोझूकलां। गांव बलकरा में बाबा बुजननाथ धाम पर दो दिवसीय धार्मिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनकी शुरुआत 10 मार्च को जागरण से होगी। रात 8 बजे जागरण शुरू होगा जो सुबह तक चलेगा। भजन गायक दीपक, अरमान कलोई और स्थानीय कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे। 11 मार्च को सुबह 9 बजे हवन आयोजित होगा। इसके बाद सुबह 11 बजे भंडारा शुरू किया जाएगा। मंदिर कमेटी ने समस्त क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में इस धार्मिक अनुष्ठान में शामिल होने की अपील की है। यह जानकारी प्रेस को जारी बयान में राजेश कुमार ने दी।