- रैलियां, नुक्कड़ नाटक, सेमिनार और कार्यशालाएं होंगी आयोजित, लोगों को ऑनलाइन व ऑफलाइन माध्यम से दिलाई जाएगी शपथ
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। नशामुक्त भारत अभियान (एनएमबीए) के पांच साल पूरे होने के उपलक्ष्य में जिले में 30 अगस्त तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को मादक द्रव्यों के सेवन की रोकथाम के प्रति जागरूक करना और उन्हें इस अभियान में शामिल करना है।
उपायुक्त मुनीश शर्मा ने बताया कि अभियान के तहत रैलियां, नुक्कड़ नाटक, सेमिनार और कार्यशालाएं जैसे विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान के तहत 13 को एनएमबीए की पांचवीं वर्षगांठ का विशेष उत्सव मनाया जाएगा। अभियान के दौरान, नागरिकों को ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से शपथ दिलाई जाएगी। इसके अलावा, पंचायत कार्यालयों, पुलिस स्टेशनों, शिक्षण संस्थानों, बाजारों, टोल प्लाजा और बस स्टैंड सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर क्यूआर कोड प्रदर्शित किए जाएंगे।
उपायुक्त ने बताया कि सरकार ने इस अभियान के लिए सरकारी कार्यालयों, छात्रों, युवाओं, धार्मिक और आस्था-आधारित संगठनों, और आम जनता सहित विभिन्न लक्षित समूहों को शामिल किया है। अभियान का लक्ष्य जनभागीदारी के साथ मादक द्रव्यों के सेवन से युवाओं को दूर रखना है।