उपायुक्त ने शिकायत पर संज्ञान लेकर एसडीएम योगेश सैनी को सौंपी जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। भाकियू प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त कार्यालय में ज्ञापन सौंपकर राजस्व विभाग में फैले भ्रष्टाचार पर रोक लगाने की मांग की है। इस दौरान एक पटवारी के निलंबन की मांग भी उठाई गई।
एमएसपी किसान मोर्चा प्रदेश संयोजक जगबीर घसौला ने बताया कि पटवारियों की ओर से इंतकाल दर्ज करने, फर्द-बदर बनाने, जमाबंदी अनुप्रमाणित करने के एवज में मनमानी फीस वसूलकर आम जनता का शोषण किया जा रहा है। भाकियू प्रतिनिधिमंडल सदस्य एवं प्रदेश महासचिव रणबीर घिकाड़ा, महताब सिंह, ओम व भूपसिंह ने लघु सचिवालय पहुंचकर उपायुक्त मुनीश शर्मा के नाम ज्ञापन सौंपा। वहीं, जिला उपायुक्त मुनीश शर्मा ने शिकायत की जांच नवनियुक्त उपमंडल अधिकारी योगेश सैनी को सौंपते हुए तत्कालीन कार्रवाई करने के आदेश दिए।
जगबीर घसौला ने बताया कि बदर बनाने के बदले ली गई रिश्वत प्रकरण के वीडियो और ऑडियो के साथ सबूत पेश किए गए। उन्होंने कहा कि जांच अधिकारी उपमंडल अधिकारी योगेश सैनी ने शिकायत से जुड़े सभी साक्ष्यों को बड़ी बारीकी से समझा और निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया।