कहा-ड्यूटी में लापरवाही करने वालों के खिलाफ की जाएगी कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। पुलिस अधीक्षक अर्ष वर्मा ने मंगलवार को शहर के विभिन्न नाकों का निरीक्षण किया। पुलिस कर्मचारियों को संदिग्ध वाहनों की जांच के निर्देश दिए। साथ ही यातायात नियम तोड़ने पर तीन चालकों के चालान किए गए।
उन्होंने कहा कि सभी पुलिस कर्मचारी 24 घंटे ईमानदारी व कर्तव्यनिष्ठा से ड्यूटी करें और आमजन की सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर रहें। प्रत्येक नाका प्रभारी पूरी तरह नाकेबंदी कर गुजरने वाले प्रत्येक संदिग्ध वाहन की गहनता से जांच करें। जांच के दौरान तीन चालान किए गए।
इसमें एक युवक शराब पीकर गाड़ी चलाता मिला और दूसरे ने ब्लैक फिल्म लगाई हुई थी। वहीं, तीसरे का बिना नंबर के वाहन चलाने पर चालान किया गया। एसपी ने कहा कि सभी के कार्यों की प्रतिदिन समीक्षा की जाएगी। ड्यूटी में लापरवाही बिल्कुल सहन नहीं होगी। अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चौकन्ने रहें और सेवा, सुरक्षा व सहयोग के दायित्व को न भूलें। पुलिस आम आदमी का दोस्त और अपराधियों के लिए भय का प्रतीक होती है। यह बात धरातल पर भी स्पष्ट नजर आनी चाहिए।
फोटो-34
चिड़िया नाके पर तैनात पुलिस कर्मचारियों को निर्देश देते एसपी अर्ष वर्मा। स्रोत : पुलिस विभाग