फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Charkhi Dadri News: अपराध नियंत्रण, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने को एसपी ने पेट्रोल पंप संचालकों, ज्वेलर्स के साथ की बैठक

Sat, 09 May 2026 01:41 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, चरखी दादरी
विज्ञापन
पेट्रोल पंप संचालकों, ज्वैलर्स के साथ बैठक करते पुलिस अधीक्षक लोगेश कुमार। - फोटो : 1
विज्ञापन
चरखी दादरी। जिले में अपराध नियंत्रण एवं सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक लोगेश कुमार पी ने शुक्रवार को जिले के पेट्रोल पंप संचालकों एवं ज्वेलर्स के साथ बैठक की। बैठक में एसपी ने कहा कि पेट्रोल पंप एवं ज्वेलरी प्रतिष्ठान संवेदनशील श्रेणी में आते हैं जहां नकदी और कीमती सामान की अधिक उपलब्धता के कारण चोरी, लूटपाट एवं अन्य आपराधिक घटनाओं की संभावना बनी रहती है। ऐसे में सुरक्षा के प्रति विशेष सतर्कता बरतना अत्यंत आवश्यक है।
विज्ञापन

उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन व्यापारिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और इसके लिए सभी का सहयोग जरूरी है। उन्होंने पेट्रोल पंप संचालकों एवं ज्वैलर्स को अपने प्रतिष्ठानों पर उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि कैमरे पूरी तरह कार्यरत होने चाहिए और उनकी रिकॉर्डिंग क्षमता भी ज्यादा हो ताकि रिकॉर्डिंग लंबे समय तक सुरक्षित रखी जाए। कैमरों का फोकस मुख्य प्रवेश एवं निकास द्वार, कैश काउंटर, पार्किंग एरिया और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर होना चाहिए। इसके साथ ही बैंकों में कैश जमा करवाने के लिए मार्ग और समय अनियमित रखें।
उन्होंने कहा कि ज्वेलरी शोरूम संचालक अपने प्रतिष्ठानों में आधुनिक सुरक्षा उपकरण जैसे अलार्म सिस्टम, सेंसर लॉक, अग्निशमन यंत्र और इमरजेंसी अलर्ट सिस्टम अवश्य लगवाएं। इसके अतिरिक्त पेट्रोल पंप संचालकों को भी पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, अग्निशमन उपकरण तथा रात्रि के समय विशेष सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
विज्ञापन

कर्मचारियों के सत्यापन पर दिया जोर
एसपी ने कहा कि सभी प्रतिष्ठानों पर कार्यरत कर्मचारियों का पुलिस वेरिफिकेशन करवाना अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करें। कर्मचारियों का पहचान पत्र, मोबाइल नंबर एवं अन्य आवश्यक विवरण रिकॉर्ड में रखें। यदि कोई ग्राहक बनकर आने वाला व्यक्ति संदिग्ध लगे तो पहचान के लिए उससे आईडी दिखाने के लिए कह सकते हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या गतिविधि की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस थाना या डायल 112 पर दें ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
रात्रि पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने का किया आग्रह
पेट्रोल पंप संचालकों ने कुछ वाहन चालकों के मिट्टी या ग्रीस लगाकर अपने वाहनों की नंबर प्लेट छिपाने के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि कई बार ये पेट्रोल पंप से तेल डलवाकर बिना रुपये दिए चले जाते हैं। नंबर प्लेट छिपाने की वजह से उनकी पहचान नहीं हो पाती। ज्वेलर्स ने भी रात्रि पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने के लिए आग्रह किया। जिस पर एसपी ने रात्रि गश्त बढ़ाने का आश्वासन दिया और सभी पेट्रोल पंप संचालकों व ज्वेलर्स को रजिस्टर लगाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि गश्त के दौरान आने वाली पुलिस टीम रजिस्टर में एंट्री करेगी।
बॉक्स :
बैठक में साइबर अपराधों एवं ऑनलाइन ठगी से बचाव के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों को फर्जी ऑनलाइन भुगतान, नकली स्क्रीनशॉट, साइबर फ्रॉड और नकली मुद्रा से सावधान रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि किसी भी डिजिटल भुगतान की पुष्टि किए बिना सामान न दें और बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें।
चौकीदार नियुक्त करने के दिए निर्देश
एसपी लोगेश कुमार ने कहा कि व्यापारिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं बल्कि समाज और व्यापारियों की भी साझी जिम्मेदारी है। इसलिए 500 मीटर के दायरे में सभी दुकानदार और व्यापारी मिलकर एक चौकीदार नियुक्त करें।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें