शहर के बस स्टैंड के सामने पूर्ण मार्केट स्थित मोबाइल दुकान का शटर तोड़कर चोर करीब 3.5 लाख रुपये के मोबाइल चोरी हो गए। वारदात को अंजाम देते हुए दो युवक सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुए हैं। पुलिस व फोरेंसिक एक्सपर्ट ने मौके का मुआयना कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार बस स्टैंड रोड स्थित पूर्ण मार्केट में वीओ मोबाइल दुकान के ताले तोड़कर चोर महंगे मोबाइल सेट ले गए। सुबह दुकानदार ने दुकान के शटर उठाकर देखने पर अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। चोरों ने छोटे शटर का ताला तोड़कर अंदर दुकान में प्रवेश किया और महंगे मोबाइल ले गए। दुकानदार सुनील ने बताया कि इसकी सूचना सुबह बस स्टैंड चौकी में दी। घटनास्थल पर सिटी पुलिस, बस स्टैंड चौकी पुलिस, सीआईए और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मोबाइल दुकान मालिक सुनील ने बताया कि वह वीरवार शाम साढ़े छह बजे दुकान को ताला बंद कर घर गया था। सुबह दुकान के ताले टूटे हुए मिले। सुबह देखा तो शटर उखड़ा हुआ था। दुकानदार के अनुसार चोर 3.5 लाख रुपये की कीमत के करीब 25 मोबाइल सेट व अन्य कीमती सामान चोरी हुए हैं।
अलग-अलग कंपनियों के मोबाइल चोरी
सुनील ने बताया कि चोर दुकान से एमआई, सैमसंग, वीवो, ओपो कंपनी के करीब 25 मोबाइल सेट व अन्य सामान चोरी कर ले गए। इस सामान की कीमत करीब 3.5 लाख रुपये है। सुनील ने बताया कि दुकान में लगे कैमरे में एक युवक टार्च की रोशनी सहित दिख रहा है, जो दुकान से मोबाइल चोरी कर रहा है।
तीन युवकों ने दिया वारदात को अंजाम
दुकानदार सुनील ने बताया कि दुकान में हुई चोरी की वारदात को तीन युवकों ने अंजाम दिया है। सीसीटीवी फुटेज में तीन युवक दिखाई दे रहे हैं, जबकि अंदर केवल एक युवक टार्च की रोशनी में मोबाइल चोरी कर रहा है। एक युवक बाहर निगरानी कर रहा है।
बैग में भरकर ले गए मोबाइल
फुटेज में स्पष्ट दिखाई दे रहा है कि चोरों ने रात्रि 11: 15 से 11:40 बजे तक दुकान में चोरी की वारदात की है। दुकान मेेें रखे मोबाइल सेट व अन्य सामान बैग में डालकर आरोपी फरार हो गए। सामान से भरे बैग को एक युवक उठाकर ले जाता दिख रहा है। उसका चेहरा भी दिख रहा है। मौके से एफएसएल टीम ने फिंगर प्रिंट ले लिए हैं और जांच शुरू कर दी है।
बस स्टैंड चौकी से है कुछ दूरी पर
पूर्ण मार्केट में स्थित मोबाइल दुकान दादरी शहर के मेन बस स्टैंड चौकी से मात्र 150 मीटर की दूरी पर है। इसके बावजूद चोर बेखौफ होकर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
लगातार बढ़ रहीं वारदात
दादरी शहर व आसपास के गांवों में लगातार चोरी की वारदात बढ़ रही हैं। कुछ दिनों पूर्व ही चोरों ने शहर के दिल्ली रोड स्थित मोबाइल शॉप में सेंध लगाकर करीब एक लाख रुपये के मोबाइल चोरी कर लिए थे।
जल्द गिरफ्तार होंगे चोर : एसएचओ
दादरी सिटी पुलिस थाना प्रभारी बलबीर सिंह ने बताया कि वारदात की शिकायत मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। जल्द ही चोरों को काबू कर लिया जाएगा।