दादरी शहर में तिवाला निवासी एक पूर्व सैनिक की जेब से किसी ने 75 हजार रुपये की नकदी सहित दस्तावेज निकाल लिए। पीड़ित को संदेह है कि घटना को ऑटो में उसके पास बैठे एक युवक ने अंजाम दिया है। पीड़ित ने थाने पहुंचकर चोरी की लिखित शिकायत सौंपी। उसके आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में तिवाला निवासी शेर सिंह ने बताया कि वह आर्मी से रिटायर्ड हैं। मंगलवार दोपहर वह बैंक से रुपये निकलवाने दादरी शहर आया था। शेर सिंह ने बताया कि काठ मंडी क्षेत्र स्थित बैंक से उसने 75 हजार रुपये निकलवाए थे। पीड़ित ने बताया कि उसे कैंटीन से कुछ सामान लेना था। इसलिए वह कैंटीन जाने के लिए ऑटो में सवार हो गया। बुजुर्ग ने बताया कि कैंटीन के बाहर उतरने के बाद जब बैग में रखी नकदी संभाली तो 75 हजार रुपये चोरी हो चुके थे। पीड़ित ने बताया कि उसे संदेह है कि ऑटो में उसके पास बैठे युवक ने ही नकदी सहित बैंक पास बुक, दो कैंटीन कार्ड चोरी किए हैं। पीड़ित ने बताया कि घटना के समय उसकी बेटी भी उसके साथ ऑटो में सवार थी। वहीं, मामले की सूचना मिलते ही सिटी थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां पीड़ित ने पुलिस को लिखित शिकायत दी, जिसके आधार पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
सिटी थाना प्रभारी जगराम ने बताया कि तिवाला निवासी शेर सिंह ने इस संबंध में शिकायत सौंपी थी। इस पर कार्रवाई करते हुए अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।