फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रोहतकः गृहमंत्री अमित शाह का फर्जी लेटर हेड बनाकर भाजपा का टिकट मांगा, चाचा-भतीजा गिरफ्तार

Thu, 12 Sep 2019 09:30 AM IST
रोहतक ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, रोहतक(हरियाणा)
विज्ञापन
प्रतीकात्मक तस्वीर
विज्ञापन
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का फर्जी लेटर हेड बनाकर चाचा के लिए सीएम से भाजपा का टिकट मांगना हरियाणा पुलिस के एक सिपाही को भारी पड़ गया है। मुख्यमंत्री के उड़न दस्ते के डीएसपी ने बुधवार को चरखी दादरी के बौंद कलां थाना क्षेत्र निवासी सिपाही गोपाल के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज करके चाचा-भतीजे को गिरफ्तार किया।
विज्ञापन


पुलिस ने दोनों को अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने देर रात उस कंप्यूटर की दुकान में छापा मारा जहां से फर्जी पत्र तैयार कराया गया था। मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी के अनुसार सिपाही गोपाल भारद्वाज 11 साल पहले हरियाणा पुलिस में भर्ती हुआ है। इस समय वह रेवाड़ी विजिलेंस में तैनात है।

उसने अपने चाचा हरिओम भारद्वाज को भाजपा से टिकट दिलाने के लिए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का फर्जी पत्र तैयार कर मुख्यमंत्री मनोहर लाल को भेजा। इसमें हरिओम भारद्वाज को भाजपा से टिकट दिलाने के लिए लिखा गया था। मुख्यमंत्री को मामला संदिग्ध लगा तो उन्होंने मामले की जांच अपने उड़ने दस्ते को दे दी। उड़न दस्ते की ओर से जांच पूरी करने के बाद मामला दर्ज किया गया है।
विज्ञापन


भाजपा का सक्रिय सदस्य भी नहीं है हरिओम
छानबीन में पुलिस को पता चला है कि हरिओम के पास भाजपा की कोई जिम्मेदारी नहीं है। वहीं, भाजपा जिलाध्यक्ष का कहना है कि हरिओम पार्टी का सदस्य भी नहीं है।

जांच में सिपाही गोपाल की ओर से फर्जी पत्र तैयार करने का मामला सामने आया है। पुलिस चाचा और भतीजे को रिमांड पर लेकर छानबीन कर रही है।
- अजीत सिंह, डीएसपी मुख्यमंत्री फ्लाइंग स्क्वायड रोहतक।
विज्ञापन

सवा तीन माह पहले तैयार करवाया था गृहमंत्री शाह का लेटर हेड

तीस मई 2019 को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का फर्जी लेटर हेड सांवड़ निवासी चाचा-भतीजे ने किसी कंप्यूटर शॉप से तैयार करवाया था। बुधवार को पुलिस दोनों को लेकर दादरी शहर की म्यूनिसिपल मार्केट स्थित कंप्यूटर शॉप पर पहुंची और काफी देर तक जांच पड़ताल की। दुकानदार लेटर हेड तैयार करने की पुष्टि नहीं की है।

उसका कहना है कि उस दिन दुकान पर कोई और बैठा था। बौंदकलां थाना प्रभारी हुक्मचंद ने बताया कि पूछताछ के दौरान गोपाल ने पहले कहा कि लेटर हेड उसने दिल्ली से तैयार करवाया था। बाद में उसने दादरी शहर स्थित एक कंप्यूटर शॉप से लेटर हेड तैयार कराने की बात कही। इसी सिलसिले में बुधवार को पुलिस दोनों आरोपियों के साथ कंप्यूटर शॉप पर जांच के लिए पहुंची थी।

पुलिस आरोपियों को लेकर दादरी शहर स्थित एक कंप्यूटर शॉप पर जांच के लिए पहुंची थी। शॉप संचालक ने कहा कि उस दिन दुकान पर उसकी जगह कोई दूसरा बैठा था। मामले की जांच की जा रही है। गोपाल भारद्वाज और हरिओम भारद्वाज से पूछताछ चल रही है।
- हुक्मचंद, बौंदकलां थाना प्रभारी।

भाजपा में नहीं है हरिओम भारद्वाज के पास कोई पद
भाजपा जिला अध्यक्ष रामकिशन शर्मा ने बताया कि बुधवार को ही उन्हें इस मामले का पता चला है। केंद्रीय गृहमंत्री का फर्जी लेटर हेड तैयार कर जिस हरिओम को टिकट देने की बात कही गई है, उसका भाजपा से कोई लेनादेना नहीं है। हरिओम के पास तो भाजपा की सामान्य सदस्यता भी नहीं है। आरोपी का भाजपा से कोई लेना-देना नहीं है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें