चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद विजेता प्रत्याशी सोमवीर सांगवान खाटू श्याम मंदिर में पूजा के लिए रवाना हो गए। उनके समर्थकों ने विजयी जुलूस निकालने की इच्छा जाहिर की लेकिन सांगवान ने श्याम बाबा के दर्शन के लिए जाने की बात कहकर मना कर दिया और समर्थकों को भी उनके घर लौटा दिया।
चुनाव जीतने के बाद जब सोमवीर सांगवान मतगणना केंद्र से बाहर निकले तो सैकड़ों समर्थक केंद्र के बाहर सड़क पर स्वागत के लिए खड़े थे। सोमवीर सांगवान ने समर्थकों का हाथ जोड़कर आभार जताया और उनको विजयी जुलूस न निकालने की अपील की। वहीं, इससे पहले समर्थकों को बैरिकेड्स पर रोकने के लिए पुलिसकर्मियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी और इसके बावजूद समर्थक विधायक सोमबीर सांगवान की गाड़ी के पास पहुंच गए। समर्थकों की भीड़ का देखते हुए सोमबीर खुद गाड़ी से उतरकर छत पर चढ़े और हाथ जोड़कर सबका अभिवादन स्वीकार किया। उन्होंने समर्थकों से कहा कि यह उनकी नहीं जनता की जीत है और इसके लिए वो हलके की जनता का आभार व्यक्त करते हैं। इस दौरान समर्थकों ने शहर में विजयी जुलूस निकालने की इच्छा उनके की लेकिन उन्होंने खाटू श्याम दर्शनों के लिए जाने की बात कहकर मना कर दिया। इसके बाद समर्थक उन्हें बधाई देकर अपने घर लौट गए। तत्पश्चात सोमवीर सांगवान कार में सवार होकर खाटूश्याम के लिए रवाना हो गए।