चरखी दादरी। मोरवाला निवासी एक सैनिक को साइबर ठग ने 4.25 लाख रुपये की चपत लगा दी। सैनिक की शिकायत पर दादरी साइबर थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में मोरवाला निवासी वर्षभान ने बताया कि वो आर्मी में तैनात है और उसकी तैनाती भुज (गुजरात) में है। सैनिक वर्षभान ने बताया कि सात मार्च 2024 को वो छुट्टी लेकर घर आया हुआ था।
उसने बैंक में एफडी करवाई हुई थी और इसकी जानकारी लेने के लिए उसने टोल फ्री नंबर पर कॉल की। कुछ देर बाद ही एक अनजान नंबर से व्हाट्सएप पर लिंक आया।
उक्त शख्स के कहे अनुसार उसने लिंक खोला और डेबिट कार्ड के अंतिम चार अक्षर लिंक भेजने वाले शख्स को बताए दिए। इसके बाद वर्षभान के खाते से 25,000 और चार लाख रुपये कट गए। बाद में उसे पता चला कि साइबर ठग ने फर्जी बैंक कर्मचारी बनकर उसे 4.25 लाख रुपये की चपत लगाई है। पुलिस आरोप की जांच कर रही है।
फिलहाल आरोपी का पता नहीं चल सका है। पुलिस ट्रांजेक्शन वाले बैंक खाते से रुपये वापस मंगाने का प्रयास कर रही है। ऐसी घटनाएं रोकने के लिए पुलिस ने सावधानी बरतने की अपील की है।