गांव पिचौपा कलां के पहाड़ी क्षेत्र में धरनारत सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी।
बाढड़ा। गांव पिचौपा कलां में खनन की राॅयल्टी न मिलने से नाराज ग्रामीणों ने मंगलवार को 17वें दिन भी धरना दिया। विभिन्न गांवों के लोग और संगठनों के पदाधिकारी समर्थन देने के लिए मंगलवार को धरनास्थल पर पहुंचे। प्रदर्शनकारी खेमे ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर रोष जताया।
ग्रामीण राजेंद्र सिंह ने कहा कि प्रशासन की ओर से जल्द कार्रवाई न करने पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि खनन कंपनी नियमों का उल्लंघन कर ग्राम पंचायत को नुकसान पहुंचा रही है। ग्रामीण कंपनी को राॅयल्टी जमा करवाने की अपील कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कंपनी ग्रामीण विकास की राशि हड़प रही है।
उन्होंने कहा कि खनन कंपनी ने वर्ष 2020 से ग्राम पंचायत को रॉयल्टी नहीं दी है। उन्होंने कहा कि कंपनी नियमानुसार कार्य करे और राशि जमा करवाए अन्यथा उसे कार्य नहीं करने दिया जाएगा। धरने पर ठेकेदार सत्यवीर, जयवीर, राजेश, रामौतार, सूरजभान, भीम सिंह, रामधन नंबरदार, अशोक कुमार, भीम सिंह, पप्पूराम, संजय कुमार आदि ग्रामीण मौजूद रहे।