पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया आरोपी।
- फोटो : 1
चरखी दादरी। जिला पुलिस टीम ने दुकान में घुसकर युवक पर हमला करने और टायरों में आग लगाने के मामले में छठे आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी नितेश गांव डाढीबाना का रहने वाला है।
पुलिस प्रवक्ता योगेश कुमार ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि गत आठ फरवरी को दादरी सिटी पुलिस थाने में सूचना मिली कि मोहम्मद सादीक निवासी महेंद्रगढ़ बाईपास दादरी लड़ाई झगड़े में घायल होकर नागरिक अस्पताल में भर्ती है। जिस पर पुलिस टीम ने अस्पताल पहुंच कर घायल के बयान दर्ज किए।
जिसमें उसने पुलिस को बताया कि वह बिहार के वैशाली जिले के गांव मुकंदपुर का रहने वाला है और करीब दो साल से महेंद्रगढ़ रोड दादरी में एक दुकान पर बतौर मिस्त्री काम करता है। सात फरवरी की रात करीब साढ़े 10 बजे वह खाना खाकर शटर बंद कर दुकान के अंदर सो गया था। देर रात करीब 12 बजे किसी ने शटर को खटखटाया और कहा कि तेरी दुकान के साथ में प्लॉट में रखे टायरों में आग लगी हुई है।
यह सुनकर उसने जल्दी से शटर खोला। उसी दौरान 5-7 व्यक्ति मुंह पर कपड़ा बांधे हुए जबरदस्ती दुकान में घुस गए और लाठी-डंडों से उस पर हमला कर दिया। उसने शिकायत में बताया कि मारपीट करने से पहले दुकान के साथ में बंद प्लॉट में रखे करीब छह जोड़ी नए व करीब 150 पुराने टायरों में आग भी लगा गए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज करते हुए कार्रवाई शुरू की थी। पुलिस द्वारा इस मामले में अभी तक नवल उर्फ मोनू निवासी झोझू कलां, राहुल निवासी आदमपुर डाढी, अमित निवासी छिल्लर, जितेन्द्र उर्फ जानी निवासी झोझू खुर्द व संदीप निवासी डाढीबाना को गिरफ्तार किया जा चुका है।
दादरी सिटी पुलिस थाने में तैनात एसआई भीम सिंह ने शुक्रवार को इस मामले में गांव डाढीबाना निवासी नितेश को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।