नागरिक अस्पताल में वैक्सीनेशन कक्ष का जायजा लेते उपायुक्त। साथ हैं विभाग के अधिकारी।
- फोटो : 1
चरखी दादरी। जिले में बालिकाओं को गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए शनिवार को स्थानीय जिला नागरिक अस्पताल में ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) वैक्सीनेशन अभियान का विधिवत शुभारंभ किया गया। उपायुक्त डाॅ. मुनीश नागपाल ने रिबन काटकर अभियान की शुरुआत की। इस दौरान 14 आयु वर्ष की किशोरियों को एचपीवी वैक्सीन लगाकर अभियान की शुरुआत की गई। पहले दिन जिले में 10 किशोरियों को टीका लगाया गया।
सिविल सर्जन डॉ. नरेश कुमार ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिलेभर में अभियान को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उपायुक्त डॉ. मुनीश नागपाल ने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर जैसी रोकथाम योग्य बीमारी को जड़ से समाप्त करना है।
एचपीवी वायरस महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा कैंसर) का प्रमुख कारण है, और यह टीका इस गंभीर बीमारी से बचाव में अत्यंत प्रभावी है। उन्होंने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे शिक्षा विभाग व अन्य संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर अभियान को व्यापक स्तर पर सफलतापूर्वक संचालित करें।
पूरी तरह से सुरक्षित है वैक्सीन
एचपीवी वैक्सीन पूरी तरह से सुरक्षित है और देश की बेटियों की सुरक्षा के लिए इसकी बड़ी कीमत चुकाकर मंगवाया जा रहा है। इसको लेकर किसी भी प्रकार से डरने या घबराने की आवश्यकता नहीं है। वैक्सीन हर प्रकार से सुरक्षित है और पूरी दुनिया में इसका प्रयोग किया जा रहा है। कार्यक्रम में उप सिविल सर्जन डाॅ. आशीष मान, डाॅ. रेणु सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
जिले में करीब छह हजार किशोरियों को लगेगी वैक्सीन
स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में करीब छह हजार किशोरी 14 से 15 आयुवर्ग के बीच में हैं। विभाग की ओर से तीन महीने तक अभियान चलाकर पात्र किशोरियों को वैक्सीन लगाई जाएगी। दादरी जिले में स्थित तीन सीएचसी, 12 पीएचसी और एमसीएच यूनिट में वैक्सीनेशन अभियान चलेगा।