घिकाड़ा गांव में अवैध कब्जे हटवाने के लिए पंचायती जमीन की पैमाइश करने पहुंची टीम के सामने सरपंच को धमकी देने का मामला सामने आया है। सरपंच का आरोप है कि इसकी शिकायत जब मौके पर मौजूद जिला पंचायत अधिकारी से की गई तो आरोपी ने उन्हें भी धमकी दी। सरपंच ने इसकी शिकायत सदर थाना पुलिस को दी जिसके आधार पर घिकाड़ा गांव निवासी आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस को दी शिकायत में घिकाड़ा सरपंच सोमेश ने बताया कि पंचायत की जमीन पर कुछ लोगों ने कब्जे कर रखे हैं। पंचायती जमीन पर कब्जों की रिपोर्ट प्रशासन की तरफ से मांगी गई थी और गत सात जनवरी को जिला पंचायत अधिकारी की अगुवाई में एक टीम अवैध कब्जों की रिपोर्ट तैयार करने पहुंची थी। सरपंच ने बताया कि वो भी टीम के साथ थे। इसी दौरान एक ग्रामीण वहां आया और धमकी देते हुए सरकारी काम बाधा डालने लगा। उसे समझाने का प्रयास किया गया लेकिन इसका भी उस पर कोई असर नहीं हुआ। सरपंच सोमेश ने आरोप लगाए कि उक्त शख्स ने टीम के सामने उसे हरियाणवी लहजे में धमकी दी।
सरपंच ने बताया कि उक्त शख्स ने उसे कहा कि अपनी बची हुई जिंदगी के दिन काट ले, कै राखया सै इस कार्रवाई मै। अवैध कब्जा कार्रवाई बंद कर दे नही तो छह की छह गोली भीत्तर तै काढ़ कै उपर की टिकट दै दूंगा। सरपंच के अनुसार उसी समय मौके पर उपस्थित जिला विकास पंचायत
अधिकारी को घटना से अवगत कराया गया तो आरोपी ने कहा कि 12 गोली भी होती हैं और 12 की 12 निकाल दूंगा। सरपंच की शिकायत पर सदर थाना पुलिस ने आरोपी गौरव के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को सौंपी घटनाक्रम की सीडी
मामले की शिकायत के साथ सरपंच सोमेश ने एक सीडी भी पुलिस को सौंपी है जिसमें घटनाक्रम कैद है। सरपंच के अनुसार कब्जा रिपोर्ट की कार्रवाई के समय वीडियोग्राफी कराई जा रही थी और आरोपी की धमकी भी वीडियो में कैद हो गई। सरपंच ने बताया कि सदर थाना पुलिस के बाद उन्होंने इस मामले को लेकर एसपी मोहित हांडा से भी मुलाकात की और इसके बाद मामला दर्ज किया गया।
व्हाट्सएप ग्रुप में भी अपशब्द प्रयोग करने का आरोप
पुलिस शिकायत में सरपंच सोमेश ने बताया कि उन्होंने गांव में चौकीदारे के लिए भी एक ग्रुप व्हाट्स एप पर बनाया हुआ है। घटना से दो दिन पहले आरोपी के पिता ने इस ग्रुप पर भी सरपंच के बारे में अपशब्द कहे थे और इसका जिक्र भी सरपंच ने पुलिस शिकायत में किया है। सरपंच ने आरोपी पक्ष के खिलाफ पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।
अवैध कब्जा की रिपोर्ट तैयार करने पहुंची टीम के साथ मैं भी मौके पर पहुंचा था। इसी दौरान एक ग्रामीण मौके पर पहुंचा और उसने टीम के सामने ही मुझे धमकी दी। इसकी शिकायत मैंने सदर थाना पुलिस को सौंप दी थी और एसपी से मिलने के बाद ही पुलिस ने मामला दर्ज किया है। पूरे घटनाक्रम की मेरे पास वीडियो मौजूद है।
सोमेश कुमार, घिकाड़ा सरपंच
इस संबंध में घिकाड़ा सरपंच सोमेश ने शिकायत सौंपी थी। पुलिस ने इस संबंध में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे उसी अनुरूप कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
सोमबीर सिंह, एएसआई एवं जांच अधिकारी, सदर थाना