चरखी दादरी। चुनाव आयोग के निर्देश अनुसार जिले में किए जाने वाले मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) के तहत वर्ष 2002 की मतदाता सूची के साथ मैपिंग का कार्य किया जा रहा है। जिले में अभी तक लगभग 83 प्रतिशत मैपिंग पूरी की जा चुकी है।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त डाॅ. मुनीश नागपाल ने कहा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार जिले में मतदाता सूची को मजबूत करने और फर्जी या दोहरे वोटों को हटाने के लिए तेजी से डिजिटल और भौगोलिक मैपिंग की जा रही है। वर्तमान में जिले में मतदाता सूची मैपिंग का कार्य लगभग 83 प्रतिशत तक पूरा कर लिया गया है। जिले के बाढड़ा विधान सभा में 92.36 और दादरी विधानसभा में 73.19 प्रतिशत मैपिंग पूरी कर ली गई है।
उन्होंने बताया कि इस प्रक्रिया के तहत बिना मैपिंग वाले मतदाताओं की पहचान कर उन्हें सही मतदान केंद्रों के साथ जोड़ा जा रहा है। आंकड़ों के आधार पर अगर जिले की बात की जाए तो यहां कुल 484 मतदान केंद्र हैं और इतने ही बीएलओ मैपिंग के कार्य में लगे हुए हैं। बाढड़ा में मतदान केंद्रों की संख्या 239 और दादरी में मतदान केंद्रों की संख्या 245 है। जिले में कुल 44 ऐसे मतदान केंद्र हैं जहां मतदाताओं की संख्या 1200 से अधिक है। इनमें से 14 केंद्र बाढड़ा में और 30 केंद्र दादरी में हैं।
मैपिंग के वर्तमान आंकड़ों के अनुसार जिले में मंगलवार सुबह तक कुल 4,10,360 मतदाताओं में से 3,38,426 मतदाताओं की मैपिंग का कार्य पूरा कर लिया गया है। अब 71,934 मतदाताओं की मैपिंग शेष बची है। अब तक हुई मैपिंग के दौरान लगभग 50 हजार मतदाताओं के रिकार्ड में अनियमितताएं मिली हैं।
उन्होंने बताया कि पुनरीक्षण कार्यक्रम की समय-सीमा 15 जून है और इसके तहत घर-घर जाकर सत्यापन का कार्य शुरू किया जा रहा है जिसके लिए 1 जुलाई को अर्हता तिथि माना गया है। घर-घर जाकर सत्यापन 15 जून से 14 जुलाई तक होगा। इस दौरान बूथ लेवल अधिकारी प्रत्येक घर का दौरा करेंगे और नए पात्र मतदाताओं, स्थानांतरित या मृत मतदाताओं का विवरण सत्यापित करेंगे और 21 जुलाई को प्रारंभिक जांच के बाद तैयार की गई ड्राफ्ट वोटर लिस्ट को जनता के सामने प्रकाशित किया जाएगा। इसके बाद 21 जुलाई से 20 अगस्त की अवधि के दौरान आम नागरिक अपने नाम जुड़वाने, कटवाने या संशोधन के लिए आवेदन कर सकेंगे। दावों का 18 सितंबर तक जिला प्रशासन द्वारा अंतिम जांच और निपटारा किया जाएगा। इसके बाद 22 सितंबर को सभी संशोधनों के बाद हरियाणा की पूर्णत: शुद्ध और अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया जाएगा।
उपायुक्त ने नागरिकों से अपील की है कि जब 15 जून से बीएलओ आपके घर आएं तो त्रुटिहीन वोटर लिस्ट बनाने में प्रशासन का पूरा सहयोग करें। नागरिक अपने नाम की जांच ऑनलाइन वोटर सर्विस पोर्टल के माध्यम से भी कर सकते हैं।