चरखी दादरी। सिग्नलस वेटरन एसोसिएशन दादरी ने सूबेदार सोमबीर शर्मा के नेतृत्व में रविवार को कोर के 116वें स्थापना दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम में बलिदानियों को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके देश के प्रति सर्वाेच्च बलिदान को याद किया व दो मिनट का मौन धारण किया।
जिला एसोसिएशन के निर्णय अनुसार दादरी के उम्र में सबसे बडे़ वेटरन रामचंद्र की अगुवाई में समारोह के मुख्य अतिथि कर्नल रघबीर छिल्लर व अन्य विशिष्ट अतिथियों को कार्यकारिणी द्वारा पगड़ी पहनाकर व स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दौरान 80 वर्ष से अधिक उम्र के सभी वेटरन को सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि कर्नल रघबीर छिल्लर ने कहा कि देश की सुरक्षा व रक्षा में सिग्नल कोर का अहम योगदान होता है। हम सिग्नल संचार के बिना कोई युद्ध नहीं जीत सकते और न ही सही दिशा की तरफ जा सकते। उन्होंने सिग्नल कोर के सभी जवानों की वीरता व पराक्रम को सलाम किया। विशिष्ट अतिथि कर्नल किशन, डॉ. मेजर योगेंद्र देशवाल ने भी अपने विचार रखे।
कार्यकारिणी के सभी सदस्यों वेटरन सोमबीर शर्मा, धर्मपाल, राजकुमार, पवन कुमार, खजान सिंह, सतीश कुमार, जयप्रकाश, सन्नी सांगवान को भी कोर डे समारोह में सम्मानित किया गया।