संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। गर्मी में लगातार लग रहे बिजली के कटों व अन्य समस्याओं से परेशान पूर्ण मार्केट के दुकानदारों के सब्र का बांध वीरवार को टूट गया। प्रधान संदीप फौगाट की अगुवाई में मार्केट, बस स्टैंड रोड व आसपास के दुकानदारों ने बिजली निगम के खिलाफ नारेबाजी कर रोष जताया। दुकानदारों ने प्रशासन से जल्द स्थायी समाधान करने की मांग की। इसके साथ ही ऐसा न होने पर रोड जाम करने की चेतावनी दी है।
संदीप फौगाट ने कहा कि बिजली निगम की लापरवाही अब आमजन व दुकानदारों पर भारी पड़ने लगी है। लगातार कई घंटों के कट बिना किसी पूर्व सूचना के लगाए जा रहे हैं। इसके कारण दुकानदारों का काम ठप हो गया है। इसके अलावा कई जगहों पर बिजली के तार काफी नीचे लटक रहे हैं। इनके चलते कभी भी कोई हादसा हो सकता है।
दुकानदारों ने विभाग ने लोड के हिसाब से ट्रांसफार्मर लगाने की मांग भी की है।प्रदर्शनकारी दुकानदारों ने कहा कि अभी तो गर्मी के मौसम के कम से कम तीन माह बाकी है। अगर यही हालात रहे तो दुकानदारों को अपना गुजारा करना मुश्किल हो जाएगा। इस दौरान राजेश जांगड़ा, अतुल फौगाट, संजय वर्मा, अधिवक्ता रजत श्योराण, संदीप अरोडा, मनजीत फौगाट, सचिन सांगवान, सतन स्वामी, अंकुर मित्तल, जयकिशन शर्मा, मनजीत सैनी आदि दुकानदार मौजूद रहे।
फोटो : 17
पूर्ण मार्केट में बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी कर रोष जताते हुए दुकानदार व प्रधान। स्रोत : व्यापार मंडल