झोझू कलां। जिले के गांव कलियाणा स्थित क्रशर जोन में एक दुकानदार ने रविवार रात को दो लोगों पर गोली चलाने का आरोप लगाया है। इनमें एक गोली उसकी गाड़ी में भी जा लगी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव मालकोष निवासी इंद्रजीत ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने पिछले तीन वर्ष से गांव कलियाणा स्थित क्रशर जोन में किराना की दुकान कर रखी है। रविवार को वह अपनी ब्रेजा कार में दुकान पर आया था और कार दुकान के पास खड़ी कर दी। रात करीब नौ बजे उसकी दुकान के पास दो युवक झगड़ा कर रहे थे।
शोर सुनकर वह भी वहां गया तो दोनों युवक वहां स्थित स्टोन क्रशर के कर्मचारी थे। झगड़ा बढ़ता देख उसने एक स्टोन क्रशर के मालिक को व्हाट्सएप कॉल कर सूचना दी।
कुछ देर बाद उक्त स्टोन क्रशर संचालक और क्रशर का मुंशी वहां कार में सवार होकर आए। इस दौरान झगड़ा कर रहे दोनों में से एक युवक वहां से चला गया और दूसरे युवक को उक्त दोनों ने थप्पड़-मुक्के मारे। शिकायतकर्ता के अनुसार उसके बाद उक्त दोनों उसे फोन करने की बात पर थप्पड़ मारने लगे। जब उसने विरोध किया तो एक व्यक्ति ने अपनी जेब से पिस्तौल निकाल कर हवा में फायर किया। साथ ही धमकी देते हुए कहा कि यहां दुकान चलानी है तो उनके हिसाब से रहना होगा। उसके बाद उसने सीधा उस पर फायर कर दिया, वह एकदम साइड में हो गया और गोली उसकी ब्रेजा कार में जा लगी।
इसके बाद वह घबराकर दुकान में आ गया। उक्त दोनों ने उसे जान से मारने की धमकी दी और अपने क्रशर की तरफ चले गए। सोमवार सुबह उसने डायल 112 पर पुलिस को घटना की जानकारी दी।
सूचना पाकर पुलिस व सीन ऑफ क्राइम टीम ने घटनास्थल का दौरा किया। इस दौरान पुलिस को वहां से दो खाली खोल व एक सिक्का भी बरामद हुआ।
झोझू कलां थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर दो नामजद के खिलाफ शस्त्र अधिनियम सहित अन्य धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।