फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सीवर व्यवस्था 25 एमएम बारिश भी नहीं झेल पाई, शहर में जगह जलभराव

विज्ञापन
बस स्टैंड के सामने वाली गली में भरा पानी और गुजरते लोग। - फोटो : CharkhiDadri
विज्ञापन
चरखी दादरी। झुलसाने वाली भीषण गर्मी के बाद आखिरकार शहर में मानसून ने दस्तक दे ही दी। वीरवार को जिले में बदरा जमकर बरसे। करीब 12 घंटे तक रुक-रुक कर बारिश होती रही जिससे शहर में जगह-जगह पानी जमा हो गया। शहर की निचली बस्तियों सहित मुख्यमार्गों पर एक से डेढ़ फुट तक पानी भर गया। वहीं पानी में वाहन बंद होने से ट्रैफिक व्यवस्था भी चरमराई रही। शहर में शाम छह बजे तक 25 एमएम बारिश दर्ज की गई और देर शाम तक सड़कों से पानी की निकासी नहीं हो पाई। हालांकि बारिश से लोगों को गर्मी व उमस दोनों से निजात मिली है।
विज्ञापन

जिले में काफी इंतजार के बाद वीरवार को अच्छी बारिश हुई जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। वहीं, दूसरी ओर जलभराव होने से बारिश का पानी लोगों के लिए आफत भी बन गया। शहर के निचले क्षेत्रों में जलभराव होने पर लोगों को काफी परेशानी हुई। बारिश के बाद शहर के सीवर ओवरफ्लो हो गए और जन स्वास्थ्य विभाग व नगर परिषद के पानी निकासी के दावों की पोल खुल गई। बरसाती नालों के जरिये पानी की निकासी न होने से सड़कें डूबी रहीं।
वहीं बारिश से खरीफ की फसलों में काफी फायदा पहुंचने के आसार हैं। बारिश के बाद मौसम भी खुशगवार हो गया है। बारिश का किसान कई दिनों से बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। पिछले एक सप्ताह से भारी उमस भरी बनी हुई थी और लोग गर्मी से बेहाल थे। बुधवार को जिले का तापमान करीब 42 डिग्री था।
विज्ञापन

सुबह करीब सात बजे बारिश शुरू हुई जो दोपहर 12 बजे तक जारी रही। हालांकि उस दौरान मध्यम दर्जे की बारिश हुई और शाम चार बजे बाद झमाझम बारिश शुरू हो गई। करीब आधे घंटे तक बारिश का सिलसिला चला और इसके बाद सड़कों पर पानी भर गया। देर शाम तक मुख्यमार्गों से पानी की निकासी नहीं हो पाई।
यहां बनी जलभराव की स्थिति
बारिश से शहर में जलभराव होने पर ज्यादा परेशानी हुई। शहर में नगर परिषद कार्यालय से बस स्टैंड रोड, परशुराम चौक से रोहतक रोड, पुराना सिविल अस्पताल रोड, किला मैदान, किला रोड, डीसी आवास, एसपी आवास के समीप जलभराव हो गया। इसके अलावा शहर की ढाणी फाटक ओवरब्रिज के साथ सड़क पर पानी भर गया। गांधीनगर व प्रेम नगर कालोनी में भी ये ही हालात रहे।
- 15 में से 9 पंपसेट ही वर्किंग में
जनस्वास्थ्य विभाग ने शहर से पानी की निकासी के लिए विभिन्न जगहों पर 15 पंपसेट और मोटरें लगा रखी हैं। इनमें से 9 वर्किंग में हैं जबकि छह खराब हैं। विभागीय अधिकारियों के अनुसार खराब मोटरों व पंप को सर्विस के लिए भेजा जा चुका है और जल्द ही ये दोबारा वर्किंग में आ जाएंगी और इसके तुरंत बाद सभी 15 मोटरें व पंप सेट से पानी का उठान शुरू कर दिया जाएगा।
खरीफ की फसलों में फायदा
जिन किसानों ने पहले से ही खरीफ की फसलों की बिजाई कर रखी है उनमें इस बारिश से काफी फायदा पहुंचेगा। खासकर कपास, बाजरा, ज्वार की फसलों में लाभ पहुंचेगा। बरानी एरिया में जिन किसानों ने अभी तक खरीफ की फसलों की बिजाई ही नहीं की है वे भी अब आसानी से बिजाई कर सकेंगे।
- रोहतक रोड पर दुकानों में घुसा पानी, जांगड़ा मार्केट पांच बजे हुई बंद
परशुराम चौक के समीप रोहतक रोड पर करीब डेढ़ फुट तक पानी भरा रहा। यह पानी दुकानों के अंदर तक पहुंच गया और दुकानदार बाल्टी लेकर पानी निकालते नजर आए। वहीं, जांगड़ा मार्केट भी जलभराव के चलते दुकानें पांच बजे ही बंद हो गई।
11 डिग्री अधिकतम और 2.4 डिग्री न्यूनतम तापमान लुढ़का
बारिश के चलते जिले के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। वीरवार को अधिकतम तापमान 30.7 डिग्री और न्यूनतम तापमान 29.4 डिग्री दर्ज किया गया। बुधवार के मुकाबले अधिकतम तापमान 11 डिग्री और न्यूनतम 2.4 डिग्री लुढ़का है। वहीं, वीरवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान का अंतर 1.3 डिग्री ही रहा जो जून में सबसे कम है।
सुबह चार बजे तक चार एमएम बारिश हुई और इसके बाद पांच बजे तक 21 एमएम बारिश दर्ज की गई। वीरवार को 25 एमएम बारिश हुई है।
-पवन कुमार, पटवारी एवं बारिश रिकॉर्डर
पानी निकासी लगातार जारी है। बाजार का पानी पहले सीसीआई और फिर एसटीपी तक पहुंचाया जा रहा है। तिकोना पार्क डिस्पोजल को हम अपग्रेड कर चुके हैं। जल्द ही पानी की निकासी हो जाएगी।
-बीके जावला, जेई, जनस्वास्थ्य विभाग

बस स्टैंड रोड पर दुकानों के सामने भरा पानी।- फोटो : CharkhiDadri

भगत सिंह मार्केट की गली में भरा पानी।- फोटो : CharkhiDadri

सरदार झाडू सिंह चौक रोड पर भरे पानी से गुजरती गाड़ियां।- फोटो : CharkhiDadri

परशुराम चौक के समीप सड़क पर भरे पानी से गुजरती गाड़ियां।- फोटो : CharkhiDadri

दुकान के अंदर घुसा पानी निकालता दुकानदार।- फोटो : CharkhiDadri

रेस्ट हाउस रोड पर भरे पानी से गुजरते वाहन।- फोटो : CharkhiDadri

डीसी आवास के समीप मुख्यमार्ग पर भरा पानी।- फोटो : CharkhiDadri

कोर्ट रोड पर भरा पानी।- फोटो : CharkhiDadri

जलभराव के चलते बस स्टैंड रोड पर लगे जाम में फंसे वाहन।- फोटो : CharkhiDadri

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें