चरखी दादरी। बिजली निगम ने जिले में 700 और ट्यूबवेल कनेक्शन जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। कनेक्शन जारी करने के अब तक चार चरण पूरे हो चुके हैं। अब अगले चरण में शेष किसानों को कनेक्शन जारी किए जाएंगे। विशेषकर बाढड़ा उपमंडल में ट्यूबवेल कनेक्शन ज्यादा संख्या में हैं। इस उपमंडल में अब 52 कनेक्शन जारी करने बाकी हैं।
जिले में कुल 1701 कनेक्शन जारी होने हैं। इन कनेक्शनों के लिए करीब 50 गांवों में 35 किलोमीटर लंबी केबल लगाई गई है। जिले में दादरी, झोझू कलां व बाढड़ा खंडों में ही कनेक्शन जारी होने हैं।
1701 किसानों का 6 साल से इंतजार
जिले में 1701 किसान ट्यूबवेल कनेक्शन के लिए छह साल से इंतजार रहे हैं। बिजली निगम इस काम को पूरा करने में जुटा है। ट्यूबवेल कनेक्शन के लिए किसान आंदोलन करते आ रहे हैं। धरना एवं प्रदर्शन किए जा रहे हैं। अधिकारियों, विधायक व सांसद को ज्ञापन दिए गए हैं। जिले के रेतीले क्षेत्र में किसान बिजली चालित ट्यूबवेल से ही फसलों की सिंचाई करते हैं।
मोटर के जरिये होता है पानी का उठान
रेतीले भागों में भूमिगत जलस्तर काफी नीचे तक हैं। ऐसे में मोटर के जरिये पानी का उठान करना पड़ता है। जिले में 55 प्रतिशत कृषि क्षेत्र रेतीला है। यहां सिंचाई का साधन जमीनी पानी ही है। हालांकि नहरें भी गुजरती हैं जिनसे सिंचाई पूरी तरह से संभव नहीं है। रेत के टिब्बे होने की वजह से नहरी पानी से सिंचाई करना मुश्किल होता है। खरीफ मौसम की फसलें तो पूरी तरह से मानसून की बारिश पर ही निर्भर करती हैं।
घट रहा भूजल स्तर
कई सालों से बारिश कम होने की वजह से रेतीला क्षेत्र का भूमिगत जलस्तर बढ़ने के बजाय घट रहा है। आने वाले समय में यहां पेयजल संकट भी गहराने के आसार बनने लगे हैं। नहरी पानी की उपलब्धता वैसे ही कम है। अब इस क्षेत्र में सिंचाई व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए बिजली निगम योजनाबद्ध तरीके से काम करने जा रहा है। रेतीले क्षेत्र में 300 फीट नीचे पानी है। पानी का बिजली चालित ट्यूबवेल से ही उठान संभव है। दो से तीन मोटरें लगाकर पानी का उठान करना पड़ता है।
वर्जन:
सरकार को किसानों की समस्याओं का ध्यान देना चाहिए। बकाया कनेक्शन जल्द जारी करने चाहिए। किसान आज आर्थिक दबाव में है। किसान को कर्जमुक्त करना चाहिए। बिजली नलकूप पर स्मार्ट मीटर योजना लागू नहीं होनी चाहिए।हरपाल सिंह भांडवा, जिला अध्यक्ष भाकियू।
वर्जन:
700 किसान को और कनेक्शन जारी करने की प्रक्रिया फिर शुरू कर दी गई है। अब तक चार चरण पूरे हो चुके हैं। शेष कनेक्शन जल्द जारी कर दिए जाएंगे। किसानों के समक्ष किसी प्रकार की दिक्कत नहीं आने दी जाएगी। निगम ने तेजी से काम शुरू कर दिया है। गुलशन, बाढड़ा डिवीजन, बिजली निगम।