फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Charkhi Dadri News: सर्वर ठप, व्यवस्था लाचार...खरीद प्रक्रिया कागजों में सिमटी

Tue, 14 Apr 2026 12:10 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, चरखी दादरी
विज्ञापन
दादरी की मंडी में गेट पास के लिए कतार में खड़े ट्रैक्टर। 
विज्ञापन
चरखी दादरी। नई अनाज मंडी में सोमवार को गेहूं और सरसों की फसल लेकर पहुंचे किसानों को खरीद प्रक्रिया के दौरान भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। सर्वर बार-बार ठप होने से मंडी व्यवस्था चरमरा गई जिससे किसानों में रोष देखने को मिला।
विज्ञापन

सर्वर बंद होने के कारण मार्केट कमेटी को मजबूरी में किसानों की फसल का ब्योरा ऑफलाइन दर्ज करना पड़ा। अधिकारियों ने बताया कि किसानों की बढ़ती आवक को देखते हुए यह कदम उठाया गया ताकि फसल लेकर आए वाहनों को समय पर खाली कराया जा सके। हालांकि ऑफलाइन प्रक्रिया के बावजूद गेट पास जारी करने में देरी बनी रही जिससे किसानों की परेशानियां बढ़ गईं।
1053 किसानों से 48,373 क्विंटल गेहूं की आवक
जिले की सभी मंडियों में सोमवार को 1053 किसानों से 48,373 क्विंटल गेहूं की आवक हुई जिसमें से 44,246 क्विंटल की खरीद की गई। सरसों की फसल के लिए 159 गेट पास जारी किए। 72,847 क्विंटल सरसों की आवक दर्ज की गई जबकि 1,546 क्विंटल सरसों की खरीद हुई।
विज्ञापन

निजी एजेंसियों द्वारा 68 किसानों की 2,109 क्विंटल सरसों की खरीद की गई। अब तक जिले में 3,12,000 क्विंटल गेहूं की आवक हो चुकी है जिसमें से 1,03,504 क्विंटल की खरीद की जा चुकी है। सरसों की अब तक 72,847 क्विंटल आवक हुई है और 2,458 क्विंटल की खरीद हुई है।
ट्रैक्टर-ट्राॅलियों की लगी कतार
मंडी के बाहर सोमवार को ट्रैक्टर-ट्राॅलियों की लंबी कतार लगी नजर आई। कई किसानों को बिना गेट पास के ही फसल उतारनी पड़ी जिससे आगे चलकर भुगतान और रिकॉर्ड संबंधी समस्याओं की आशंका बढ़ गई है। गेट पास में देरी को लेकर किसानों और मार्केट कमेटी कर्मचारियों के बीच कहासुनी भी हुई। किसानों का कहना है कि समय पर गेट पास न मिलने से उन्हें बार-बार मंडी कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ते हैं जिससे समय और श्रम दोनों की बर्बादी होती है।
पुलिस ने संभाली व्यवस्था
स्थिति बिगड़ने पर मंडी प्रशासन ने पुलिस की सहायता ली। पुलिस कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर ट्रैक्टर-ट्राॅलियों को व्यवस्थित कतारों में लगवाया और आवक को नियंत्रित किया। जिले की मंडियों में फसल आवक तेज होने के साथ ही सर्वर की समस्या लगातार सामने आ रही है। किसानों ने मांग की है कि खरीद प्रक्रिया को सुचारू बनाने के लिए सर्वर व्यवस्था को शीघ्र दुरुस्त किया जाए ताकि उन्हें बार-बार परेशानियों का सामना न करना पड़े।


ई-खरीद सर्वर बंद रहने के कारण गेटपास जारी नहीं करने से गेहूं की फसल को सीधा आढ़ती की ढेरी में उतारा जाएगा। इसके बाद बायोमेट्रिक व अन्य दस्तावेज की जांच के लिए कई चक्कर लगाने पड़ेंगे जिससे उनके समय की बर्बादी होगी वहीं कई उलझनें बढ़ेंगी। - पवन कुमार, गांव मकड़ानी


-
मंडी में गेहूं की फसल बेचने के लिए आया था। अब ई-खरीद पोर्टल बंद पड़ा है। भले ही मार्केट कमेटी कर्मचारियों से खानापूर्ति कर फसल को आढ़ती के पास खाली करवा दिया गया हो लेकिन गेट पास जारी होने के बाद ही खरीद हो सकेगी। पिछले तीन घंटों से सर्वर चालू होने का इंतजार कर रहे हैं ताकि खरीद संबंधी दस्तावेज की जांच के लिए चक्कर नहीं लगाने पड़ें।- विकास कुमार, गांव अख्तयारपुरा।
-

सर्वर में दिक्कत आने के कारण गेट पास काटने में मुश्किल हुई लेकिन हमने मैनुअल तरीके से गेट पास काटे हैं। किसान बिना किसी परेशानी के फसल बेच रहे हैं। - विजय कुमार, मार्केट कमेटी, चरखी दादरी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें