चरखी दादरी। भांजी के पति को छोड़ने की एवज में मकड़ाना निवासी महिला से चार माह पूर्व 7.16 लाख रुपये की साइबर ठगी हुई थी। इस मामले में दादरी साइबर थाना पुलिस ने अब दूसरे आरोपी को पकड़ा है। आरोपी नौसाद अली मूलरूप से बिहार के गोपालगंज जिला के गांव साशमोसा का रहने वाला है और पिछले कुछ समय से गुजरात के सूरत में रह रहा है।
दो दिन के रिमांड पर लेकर उससे पूछताछ की गई और इसके बाद न्यायालय के आदेश पर उसे जेल भेजा गया। पुलिस प्रवक्ता पवन कुमार ने बताया कि मकड़ाना निवासी संतोष ने पुलिस को साइबर ठगी की शिकायत दी थी। शिकायतकर्ता ने बताया था कि 23 सितंबर 2024 को उसके व्हाट्सएप नंबर पर वीडियो कॉल आई। इसमें कॉल करने वाले व्यक्ति ने कहा कि वह दिल्ली एयरपोर्ट से बात कर रहा है। आपकी बहन की बेटी के पति को मारपीट के आरोप में पकड़ा गया है। इसके बाद उक्त नंबर से वीडियो आया और इसमें कुछ व्यक्ति एक अन्य व्यक्ति की पिटाई कर रहे थे। बाद में उन्होंने कई बार फोन किए और परिचित को छोड़ने की एवज में रुपयों की मांग की।
इससे महिला डर गई और उन्होंने कई परिचित लोगों से उधार लेकर 23 से 25 सितंबर तक 10 बार में 7.16 लाख रुपये आरोपियों के पास भेज दिए। शिकायत के आधार पर दादरी साइबर क्राइम थाने में केस दर्ज किया गया था। 29 दिसंबर 2024 को साइबर क्राइम थाना टीम ने एक आरोपी बिहार के बगलपुर जिला निवासी सूरज कुमार को दिल्ली के अशोक नगर से गिरफ्तार किया था। इसके बाद इस मामले में नौसाद अली के रूप में दूसरी गिरफ्तारी हुई है।