चरखी दादरी। दादरी पुलिस टीम ने घर में घुसकर युवक और उसकी मां पर कुल्हाड़ी व रापड़ी से हमला करने के मामले में दूसरे आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता योगेश कुमार ने बताया कि गत 28 अप्रैल को दादरी के नागरिक अस्पताल से गांव दुधवा निवासी जोगेंद्र व मुन्नी के लड़ाई-झगड़े में घायल होकर रोहतक पीजीआई रेफर होने की सूचना झोझू कलां थाने में मिली थी। इस पर एएसआई सुरेंद्र मोहन टीम के साथ पीजीआई पहुंचे। वहां घायल जोगेंद्र ने शिकायत दी कि उसके ताऊ का परिवार उनके साथ झगड़ा करता रहता है। 28 अप्रैल को सुबह वह और उसकी मां घर पर थे। उसी समय उसके ताऊ के परिवार के सदस्य उनकी दीवार में अपना गेट लगा रहे थे। उन्होंने मना किया लेकिन वे नहीं माने। थोड़ी देर बाद उक्त पांचों लोग रापड़ी ओर कुल्हाड़ी लेकर उनके घर में घुसे और उस पर कुल्हाड़ी से हमला किया। शोर सुनकर उसकी मां मुन्नी बचाने के लिए आई तो उसके सिर पर भी कुल्हाड़ी से वार किया और धक्का देकर छत से नीचे गिरा दिया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू की। मामले में गांव दुधवा निवासी आरोपी सुरेंद्र सिंह को गिरफ्तार किया जा चुका है।
झोझू कलां थाने में तैनात एएसआई सुरेंद्र मोहन ने मंगलवार को दूसरे आरोपी गांव दुधवा निवासी हरीश को झज्जर जिले के कबलाना से गिरफ्तार किया। आरोपी से वारदात में प्रयुक्त कुल्हाड़ी का फन, रापड़ी का टूटा हुआ बिंडा व रापड़ी का फन उसके खेत से बरामद किया। पूछताछ के बाद बुधवार को उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।