बाढड़ा के मुख्य क्रांतिकारी चौक पर लगे जाम में फंसे वाहन।
बाढ़डा। एसडीएम सुरेश दलाल ने सभी अतिक्रमणकारियों को स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने की हिदायत दी है। इसके लिए उन्हें सात दिन का समय दिया गया है। इसके बाद प्रशासन सख्ती कर खुद अतिक्रमण हटाएगा। इसके लिए बुधवार को एसडीएम ने स्वयं बाजार का निरीक्षण कर व्यवस्था और अतिक्रमण की समस्या जानी।
एसडीएम सुरेश दलाल बुधवार को जुई रोड, सतनाली रोड और लोहारु रोड पर पहुंचे और वहां की यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान अतिक्रमण के कारण कई बार जाम लगा। इसका कारण वाहनों का मनमाने स्थान पर पार्किंग करना था। इस कारण सड़क संकरी हो गई थी। एक वाहन निकलने के बाद ही दूसरा वाहन चल पा रहा था। इस समस्या का संज्ञान लेते हुए एसडीएम ने कहा कि एक सप्ताह के अंदर स्वेच्छा से अतिक्रमण लें। नहीं तो प्रशासन कार्रवाई करेगा।
उन्होंने कहा कि सड़क पर बेतरतीब ढंग से वाहन खड़ा करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि व्यवस्था को प्रभावित करके लोग खुद ही जाम लगने का कारण बनते हैं। इससे सबको परेशानी झेलनी पड़ती है। उन्होंने कहा कि एक अगस्त के बाद लोक निर्माण विभाग, राजस्व और पुलिस विभाग के साथ अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाएगा। अगर व्यापारी प्रशासन की इस मुहिम में सहयोग करें तो व्यवस्था खुद सुधर जाएगी।