बाढड़ा। उपमंडल अधिकारी (ना.) आशीष सांगवान ने शनिवार को कस्बे की अनाज मंडी का निरीक्षण कर वहां की सफाई व्यवस्था, किसानों को मिल रही सुविधाओं और आढ़तियों की गतिविधियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मंडी परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने और किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश अधिकारियों को दिए। एसडीएम ने बताया कि प्रशासन किसानों की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देगा और मंडी में पारदर्शिता व सुचारु व्यवस्था बनाए रखने के लिए हरसंभव कदम उठाएगा। निरीक्षण के दौरान मंडी सुपरवाइजर जयप्रकाश ने बताया कि मंडी में लाए गए बाजरे के नमूने जांच के लिए भेजे गए थे, जो फेल हो गए हैं। बारिश अधिक होने के कारण बाजरे का दाना काला पड़ गया है, जिससे उसकी गुणवत्ता प्रभावित हुई है। इस पर एसडीएम ने कहा कि बाजरे की खरीद के लिए 29 सितंबर को अधिकारियों की बैठक बुलाई गई है, जिसमें इस पर निर्णय लिया जाएगा। संवाद