चरखी दादरी। गांव अचीना स्थित शहीद रामजस यादव राजकीय स्कूल में प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया गया। हिंदुस्तान स्काउट्स एंड गाइड हरियाणा की ओर से राज्य स्तरीय स्टैंडर्ड जजिंग कैंप 13 से 17 अक्तूबर तक जुई खुर्द स्थित श्रीकृष्ण प्रणामी आश्रम केंद्र के महंत परमहंस संत शिरोमणि हिंदू रतन डॉ. स्वामी सदानंद महाराज के सानिध्य में आयोजित किया गया था। इसमें जिले से इंचार्ज कृष्णा धवन के नेतृत्व में अचीना स्कूल के 15 स्काउट्स गाइड्स ने भाग लिया था। इसमें स्कूल के स्काउट दल का उम्दा प्रदर्शन रहा।
विज्ञापन
प्राचार्य व शिक्षकों ने स्काउट दल को सम्मानित किया। डीओसी हिंदुस्तान स्काउट्स एंड गाइड्स कृष्णा ने बताया कि स्टैंडर्ड जजिंग कैंप में युवाओं ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ-साथ नशा मुक्ति, जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण, पौधरोपण और सेवा संकल्प जैसे सामाजिक मुद्दों पर अपनी कला और प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए उत्कृष्ट स्थान प्राप्त किया। कृष्णा धवन ने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों और सामाजिक सेवा के भाव ही विद्यार्थी जीवन को सार्थक बनाते हैं। विद्यालय प्राचार्य रतन सिंह ने स्काउट दल और कृष्णा धवन को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।