संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। जिले में सीएम की घोषणा के तहत गत माह 17 स्कूलों के लिए बजट जारी हुआ था। अब विभाग की ओर से बौंद खंड के स्कूलों में कार्य संबंधी प्रक्रिया पूरी कर कार्य शुरू करवा दिया गया है। वहीं, दादरी खंड के स्कूलों में भी जल्द कार्य शुरू कर विद्यार्थियों को लाभ दिया जाएगा।
विद्यालय शिक्षा निदेशालय की ओर से जिला शिक्षा विभाग के पास 93.94 लाख रुपये की बजट राशि भेजी गई थी। इस राशि से स्कूलों में विभिन्न कार्य करवाए जाने हैं। वर्ष 2022 में जिले में 10 स्कूलों में मरम्मत कार्य व कमरों के निर्माण की योजना तैयार की गई थी। यह प्रारूप मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुसार तैयार किया गया था। इसके बाद बजट के लिए प्रस्ताव शासन के पास भेजा गया था। अब सरकार की ओर से 93,94,900 रुपये का बजट जारी किया गया है। जिला शिक्षा विभाग ने बजट राशि स्कूलों को भेज दी है।
हाल ही में गांव दूधवा स्थित राजकीय उच्च विद्यालय के लिए 7.38 लाख का बजट जारी हुआ है। इस बजट से स्कूल भवन की मरम्मत की जाएगी। शहर के राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल के भवन की मरम्मत के लिए 6.31 लाख का बजट जारी किया गया। झोझूकलां राजकीय कन्या स्कूल में भवन मरम्मत के लिए 10.23 लाख, शिशवाला विद्यालय में 19.42 लाख के बजट से मरम्मत कार्य होना है। इसी तरह, रानीला राजकीय स्कूल में 8,84, 400 रुपये से चहारदीवारी निर्माण होगा।